अमृतसर सिटी | श्री आरती शिव दुर्गा मंदिर ट्रस्ट, करतार नगर, छेहर्टा में परम संत अद्वैत स्वरूप श्री आरती देवा महाराज जी की अध्यक्षता में दूसरी कावड़ यात्रा का सफल आयोजन किया गया। यह यात्रा करतार नगर छेहर्टा से प्रारंभ होकर श्री कसेल धाम मंदिर में धूमधाम के साथ पहुंची। छेहर्टा मंदिर में प्रतिदिन सुबह 5 बजे से 7 बजे तक शिव पूजा और रुद्राभिषेक किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त मंदिर में हर रविवार को सावन का त्यौहार बड़ी श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। इस अवसर पर नवविवाहित दुल्हनें शृंगार करके ठाकुर जी का आशीर्वाद प्राप्त करती हैं और झूले की रस्म भी निभाई जाती है। इस कार्यक्रम में स्वामी अशोकानंद जी महाराज, डॉ. सतप्रीत हरि, समाज सेवक कमल कुमार, कौंसलर सतीश बल्लू सहित कई भक्तगण उपस्थित रहे। अमृतसर| सोमवार को दुर्ग्याणा सरोवर के किनारे स्थित गोस्वामी तुलसीदास मंदिर में चल रहे श्री रामायण जी के मास परायण पाठ के दौरान प्रभु श्री राम जी को राजतिलक किया गया। संत धर्मपाल जी की अध्यक्षता में चल रहे पाठ में अयोध्या से पधारे पूजनीय संत अनंताचार्य जी महाराज मुख्य रूप से शामिल हुए। मंदिर के पंडित ने मंत्रोच्चारण के साथ गोस्वामी तुलसीदास जी का दुग्ध स्नान कराया। इसके बाद सुंदर वस्त्र धारण करवा कर फूलों से सजाया गया। इसके बाद धर्मपाल और रवि अरोड़ा ने भक्तों के साथ मिलकर पाठ शुरू किया। सुबह 6 से साढ़े 9 बजे तक चले पाठ दौरान कई लोग पहुंचे। इस मौके पर धर्मपाल जी ने कहा कि पाठ का विराम तुलसीदास जयंती के दिन 31 जुलाई को होगा। उस दिन सुबह 6 से 6:30 बजे तक श्री गोस्वामी तुलसीदास जी के दुग्ध अभिषेक होंगे। ब्राह्मणों द्वारा वेदो मंत्रोच्चारण किया जाएगा। इसी उपरांत हरिनाम संकीर्तन भी होगा। वहीं 8 बजे पाठ का आरंभ होगा और विराम 10 बजे होगा। 1 अगस्त को अष्टमी श्री चिंतपूर्णी माता वाले दिन 125 ब्राह्मणों का प्रसाद वितरण समारोह होगा।


