भास्कर न्यूज |लुधियाना श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के प्रथम प्रकाश पर्व को समर्पित तीन दिवसीय 27वां दरबार धार्मिक नूरी दीवान श्रद्धा व भक्ति के माहौल में सम्पन्न हो रहा है। यह आयोजन दरबार संप्रदाय संत आश्रम लोपो साहिब व समस्त संगत के सहयोग से दाना मंडी स्थित अरोड़ा पैलेस के निकट चल रहा है। दीवान के दूसरे दिन सुबह श्री अखंड पाठ साहिब जी का मध्य भोग डाला गया, जिसके पश्चात शाम को विशेष दीवान सजाया गया। इस मौके पर रागी जत्थों व धार्मिक कवियों ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की वाणी का रसपान करवाया। मुख्य प्रवचनकर्ता संत बाबा जगजीत सिंह लोपो वाले ने संगत को संबोधित करते हुए कहा कि सांसारिक वस्तुओं से केवल क्षणिक सुख मिलता है, लेकिन सच्चा और स्थायी आनंद गुरु कृपा से ही प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि 84 लाख योनियों के बाद मिला यह मनुष्य जन्म व्यर्थ न जाए, इसके लिए जरूरी है कि हम गुरु शब्द से जुड़ें, अमृत वेला में उठें और सच्चे अनुयायी बनें। दीवान में संगत को विशेष रूप से मूलमंत्र का जाप करवाया गया, जिससे वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक रंग में रंग गया। कार्यक्रम के अंत में गुरु का अटूट लंगर भी बरताया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस पावन अवसर पर अध्यक्ष जीत सिंह, चमकौर सिंह, कुलदीप सिंह, कुलविंदर सिंह टीटू, जसवीर कौर, गुरदयाल कौर सहित कई गणमान्य व सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।


