भास्कर न्यूज | जालंधर श्री गुरु रविदास एजुकेशनल एंड चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से 12 फरवरी को सतगुरु रविदास जी का प्रकाश पर्व श्रद्धापूर्वक मनाया जा रहा है। इस संबंध में 11 फरवरी को महानगर से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसकी तैयारियों को लेकर धाम में सजावट के प्रबंध किए जा रहे हैं। रंग बिरंगी लाइटें लगाई जा रही हैं, जबकि धाम के आस-पास दुकानें भी सजने लगी हैं। कारीगरों की ओर से गुरु की पालकी को नया रंग रूप दिया जा रहा है। प्रकाश पर्व के दौरान होने वाले धार्मिक आयोजन प्रशासन की देखरेख में ही किया जाएगा। इस उपलक्ष्य में डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने कहा कि 12 फरवरी को श्री गुरु रविदास महाराज जी के प्रकाश उत्सव और 11 फरवरी को विभिन्न धार्मिक संगठनों द्वारा शोभायात्रा निकाली जा रहा है, जिसके मद्देनजर लोगों की धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए और उक्त आयोजन के दौरान शोभायात्रा मार्ग और धार्मिक समारोह स्थल के पास 11-12 फरवरी को मांस और शराब की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया है। प्रकाश पर्व की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे मेयर वनीत धीर व अन्य। मंगलवार को मेयर वनीत धीर अपनी टीम के साथ श्री गुरु रविदास महाराज जी के प्रकाश पर्व को समर्पित धार्मिक आयोजनों का जायजा लेने के लिए श्री गुरु रविदास धाम पहुंचे और प्रबंधकों के साथ मिलकर मीटिंग की। इसमें हरदयाल बंगड़, विनोद कौल, सेठ सतपाल मल, राजिंदर प्रसाद महे व अन्य प्रबंधकों ने कहा कि धार्मिक आयोजनों के दौरान सड़कों पर खड़े ट्रकों को हटाने, श्री गुरु रविदास चौक में लाइटें व अन्य कई बातों पर विचार-विमर्श किया। मेयर वनीत धीर ने निगम अधिकारियों को शोभायात्रा के रूटों पर सफाई, लाइटें, डिवाइडरों पर रंग-रोगन, पैचवर्क करवाने के आदेश दिए। इसके अलावा श्री गुरु रविदास धाम बूटा मंडी में सुबह और शाम को पाठ और कीर्तन कर भक्तिमय माहौल बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 11 फरवरी को सुबह 11 बजे शोभायात्रा निकाली जाएगी, जोकि सतगुरु रविदास धाम से चलकर, डॉ. बीआर अंबेडकर चौक, भगवान वाल्मीकि चौक, श्रीराम चौक, मिलाप चौक, फगवाड़ा चौक, भगत सिंह चौक, पटेल चौक से होते हुए वापस धाम में ही यात्रा संपन्न होगी।


