राजिम| सावन के तीसरे सोमवार को डोभापारा स्थित प्राचीन श्री डोमेश्वरनाथ महादेव मंदिर में सहस्त्र जलधारा अभिषेक हुआ। पैरी नदी के किनारे बसे इस मंदिर में पंडित विनोद शर्मा और मोहल्ला वासियों ने मिलकर पूजन किया। हर घर से एक-एक बाल्टी जल लाकर अभिषेक में सहयोग दिया गया। पैरी नदी के घाट से मानव श्रृंखला बनाकर जल लाया गया। इसी जल से महादेव का अभिषेक किया गया। रवि निर्मलकर ने बताया कि यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है। हर साल सावन के तीसरे सोमवार को मोहल्ला वासी मिलकर यह आयोजन करते हैं। स्थानीय बुजुर्गों का कहना है कि जब से महादेव मंदिर यहां स्थापित हुआ है, तब से बाढ़ का पानी मोहल्ले में नहीं घुसा।


