श्री देवी तालाब मंदिर में चौकी, बालाजी धाम में प्रभु को अर्पित किया जाएगा 56 व्यंजनों का प्रसाद

भास्कर न्यूज | जालंधर आज से ठीक चौथे दिन लोग इस साल को अलविदा कहकर नए साल का स्वागत करेंगे। तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इस बीच शहर के मंदिरों, गुरुद्वारों और अन्य धार्मिक स्थानों पर पूजा-अराधना के साथ नए साल का स्वागत किया जाएगा, ताकि आने वाला वर्ष परमात्मा की कृपा से खुशियों से भरपूर हो। इसी मनोरथ को मद्देनजर रखते हुए सिटी के विभिन्न गुरुद्वारों में गुरमत समागम और मंदिरों में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह कार्यक्रम शाम 7 बजे शुरू होकर देर रात 12 बजे तक चलेंगे। रात 12 बजे गुरुद्वारों में परमात्मा के चरणों में सरबत के भले के लिए और मंदिरों में मंगलकामना करते हुए विश्व शांति के लिए पूजा-अर्चना की जाएगी। फिलहाल शहर नए साल का स्वागत करने के लिए बहुत उत्सुक है। नए साल की पूर्व संध्या पर मंदिरों के साथ-साथ शहर के विभिन्न गुरुद्वारा साहिब में भी 31 दिसंबर की रात को गुरमत समागम किए जाएंगे। गुरुघर में माथा टेककर संगत सभी के भले की अरदास करेगी। नए साल का आगाज धूमधाम से किया जाएगा। इसमें गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा माडल टाउन, गुरुद्वारा नौंवी पातशाही दुख निवारण साहिब गुरु तेग बहादर नगर, गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा आदर्श नगर, गुरुद्वारा तेग बहादर साहिब सेंट्रल टाउन, गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा बाजार शेखां, डेरा निर्मल संत पुरा लायलपुरी नकोदर रोड, गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह मॉडल हाउस, गुरुद्वारा छेवीं पातशाही बस्ती शेख, गुरुद्वारा चरण कंवल बस्ती शेख व अन्य गुरुद्वारों में रात 7 बजे से धार्मिक आयोजन शुरू हो जाएंगे और मध्य रात्रि को पुष्प वर्षा की जाएगी। श्री देवी तालाब मंदिर प्रबंधक कमेटी की ओर से 31 दिसंबर को स्वर्ण मंदिर श्री देवी तालाब मंदिर के पावन दरबार में विदाई वर्ष 2025 और सुस्वागतम् वर्ष 2026 के उपलक्ष्य में धार्मिक आयोजन श्रद्धापूर्वक करवाया जा रहा है। इसकी तैयारियां जोरों-शोरों के साथ चल रही हैं। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए महासचिव राजेश विज ने बताया कि धार्मिक आयोजन बुधवार को रात 8 बजे से रात 12 बजे तक पंजाब के सुप्रसिद्ध कलाकार मां भगवती के चरणों में हाजिरी भरेंगे। कार्यक्रम के अंत में प्रबंधक कमेटी की ओर से भक्तों के लिए महाप्रसाद का प्रबंध किया गया। मंदिर प्रबंधक कमेटी के सदस्यों ने जानकारी देते हुए बताया कि नए साल के आगमन को लेकर तैयारियां की जा रहीं हैं। सेवादारों की ड्यूटियां लगाई गईं हैं। प्राचीन मंदिर बाबा यशरथ जी श्री बालाजी धाम थापरा मोहल्ला के मुख्य सेवादार गौरव थापर ने बताया कि 1 जनवरी को नया साल श्री बालाजी के साथ सुंदरकांड पाठ करके हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस मौके पर भक्त धाम में अपने तथा अपने परिवार की खुशियों के लिए माथा टेकेंगे। साथ ही सुख एवं समृद्धि की भी कामना करेंगे। उन्होंने बताया कि विद्वानों द्वारा विधिवत पूजन करके कार्यक्रम की शुरूआत की जाएगी। उन्होंने बताया कि धाम को रंग-बिरंगी लाईटों से सजाया जाएगा और मंदिर में विराजमान देवी-देवताओं का विदेशी फूलों से हार-शृंगार किया जाएगा। भक्तों द्वारा 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया जाएगा। प्रबंधकों ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *