गुरमीत लूथरा | अमृतसर श्री पंचायती बड़ा श्री रघुनाथ जी मंदिर ट्रस्ट के 25 जनवरी को घी मंडी स्थित मंदिर भूतनाथ में होने वाले चुनाव को लेकर चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। सुनील गुप्ता के निर्विरोध प्रधान चुने जाने के नतीजन उनके समर्थक उम्मीदवार उत्साहित हैं। गौर हो कि 25 जनवरी को उपप्रधान, महासचिव, कोषाध्यक्ष, संयुक्त कोषाध्यक्ष व संयुक्त सचिव पद के लिए होने वाले चुनाव से पहले ही सुनील गुप्ता प्रधान, जबकि आनंद कुमार बांसल निर्विरोध वरिष्ठ उपप्रधान चुने गए हैं। इनके समक्ष किसी अन्य उम्मीदवार ने इन पदों के लिए नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया था। प्रधान सुनील गुप्ता व आनंद कुमार बांसल समर्थक उम्मीदवारों द्वारा अपने समर्थकों की जीत को यकीनी बनाने के लिए रोड शो के अलावा डोर-टू-डोर कंपेन चलाई जा रही है। इसके अलावा विभिन्न प्रचार माध्यमों से मारवाड़ी समाज तक पहुंच की जा रही है। उम्मीदवारों ही नहीं बल्कि मारवाड़ी तबके में भी इस टीम की जीत को तय बताया जा रहा है। प्रधान गुप्ता की टीम में उपप्रधान पद के उम्मीदवार वरुण नेवटिया, महासचिव पद के प्रत्याशी संजय केजरीवाल, संयुक्त सचिव प्रत्याशी सिद्ध नाथ खेमका, कोषाध्यक्ष प्रत्याशी संजय बागला और संयुक्त कोषाध्यक्ष उम्मीदवार विपुल नेवटिया शामिल हैं। उनकी टीम द्वारा मतदाताओं से निरंतर संपर्क बढ़ाया जा रहा है। दिन-रात उम्मीदवार जीत को यकीनी बनाने के लिए प्रधान सुनील गुप्ता के साथ मारवाड़ी समाज में जा रहे हैं। गौरतलब है कि उपप्रधान पद के लिए वरुण नेवटिया का मुकाबला रिशी पोद्दार तथा राजेश केजरीवाल से होगा, जबकि कोषाध्यक्ष पद के लिए संजय बागला का मुकाबला विक्रम गोयल व अमित गोइंका से होगा। महासचिव पद के लिए संजय केजरीवाल व विजय संघानिया चुनावी दंगल मेंे उतरे हैं। संयुक्त सचिव पद के लिए अमित जालान व सिद्ध नाथ खेमका चुनाव मैदान में हैं। इसी तरह संयुक्त कोषाध्यक्ष पद के लिए विपुल नेवटिया व संजय गुप्ता दंगल में उतरे हैं। संयुक्त वित्त सचिव उम्मीदवार विपुल नेवटिया ने बताया कि मतदान 25 जनवरी को घी मंडी स्थित शिवाला बाबा श्री भूतनाथ में सुबह 9 से शाम 4 बजे तक होगा। नतीजों की घोषणा शाम 6 बजे तक होगी। कुल 1180 मतदाता अपने मत का इस्तेमाल कर सकते हैं। नेवटिया ने बताया कि समस्त टीम मंदिर श्री रघुनाथ जी के विकास, कायाकल्प के लिए दृढ़ संकल्प हैं। उन्होंने कहा कि प्रधान गुप्ता की अगुवाई में दशकों से उपेक्षित समाज की धरोहरों, धर्म स्थलों का बहुमुखी विकास तो करेगी ही बल्कि बड़ा मंदिर श्री रघुनाथ जो को आकर्षण एवं श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बनाया जाएगा ताकि श्री दरबार साहिब आने-जाने वाली संगत उक्त मंदिर के भी दर्शन दीदार अवश्य कर सके।


