श्री राधाकृष्ण मंदिर में सुंदरकांड पाठ आज, कलश यात्रा में शामिल हुईं 108 महिलाएं

सिटी रिपोर्टर | रांची चैत्र नवरात्र के उपलक्ष्य में श्री राधाकृष्ण मंदिर कृष्णा नगर कॉलोनी के तत्वावधान में शुक्रवार को कलश यात्रा निकाली गई। शिव दुर्गा मंदिर से शुरू हुई कलश यात्रा श्री राधाकृष्ण मंदिर पहुंचकर विसर्जित हुई। 108 महिलाओं द्वारा कलश उठाया गया। इसमें मां की जीवित झांकी भी शामिल थी। कलश यात्रा के दौरान श्री दुर्गा जागरण मंडली के केसर पपनेजा, पवन मनुजा, चंदन सिडाना, ज्योति अरोड़ा और मंडली के सदस्यों ने भजन कीर्तन करते हुए कलश यात्रा की शोभा बढ़ाई। भजन कीर्तन करते हुए कलश यात्रा पहले हरिओम मंदिर और शनि मंदिर पहुंची। मंदिरों के पुजारियों द्वारा यात्रा का स्वागत किया गया। कृष्णा नगर कॉलोनी विभिन्न चौक चौराहों पर पुष्प वर्षा और जल सेवा के साथ प्रसाद वितरण भक्तों द्वारा किया गया। श्री राधा कृष्ण मंदिर पहुंचने से पहले झंडा चौक पर भी कलश यात्रा का स्वागत और सत्कार हुआ। मां के जयकारों से कृष्णा नगर कॉलोनी भक्तिमय हो गई। श्री राधा कृष्ण मंदिर कमेटी के मीडिया प्रभारी अरुण जसूजा ने बताया कि 29 मार्च को शाम 4 बजे से सुंदरकांड का सामूहिक पाठ मंदिर प्रांगण में होगा। नवरात्र में श्री दुर्गा सप्तशती का पाठ 30 मार्च से शुरू होकर 6 अप्रैल तक सुबह 7 बजे से 10 बजे तक हुआ करेगा। महाअष्टमी के दिन 5 मार्च को रात्रि 9 बजे से 1008 ज्योत प्रज्वलित की जाएगी और भजन-कीर्तन का कार्यक्रम 11 बजे तक होगा। 6 मार्च को रामनवमी के पावन अवसर पर सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक मुंबई की प्रख्यात गायिका गिन्नी कौर द्वारा भजनों की गंगा बहाई जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *