सिटी रिपोर्टर | बीकानेर श्री श्याम आस्था परिवार की ओर से 26 फरवरी को श्याम प्रभु का वार्षिक फागमहोत्सव संकीर्तन बड़े हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन दोपहर 1 बजे से बीकानेर के एतिहासिक लक्ष्मीनाथ मंदिर परिसर में संपन्न होगा। संस्था के महामंत्री नवलकिशोर सोनी ने बताया कि फागोत्सव के अवसर पर श्याम भक्तों के लिए विशेष भजन संकीर्तन का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम संयोजक अभिषेक तिवारी ने बताया कि इस अवसर पर श्याम प्रभु का शीश दरबार विशेष पुष्पों से सजाया जाएगा। रंग-बिरंगे फूलों से दरबार भक्तों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा। साथ ही ठाकुरजी को पारंपरिक रीति से पुष्प होली खिलाई जाएगी और उपस्थित श्रद्धालुओं पर खाटू के केसर इत्र की सुगंधित वर्षा की जाएगी जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और सुगंधित हो उठेगा।


