रांची | श्री श्याम मित्र मंडल के सदस्यों ने गुरुवार को धार्मिक यात्रा के तहत श्री सालासर बालाजी और श्री राणी सती दादी के दरबार में हाजिरी लगाई। मंडल का दल प्रातः 9 बजे खाटूधाम स्थित मंडल के विश्राम भवन से रवाना हुआ। इस यात्रा का नेतृत्व मंडल के निर्वतमान अध्यक्ष सुरेश सरावगी, उपाध्यक्ष श्रवण ढांढनिया व वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य श्यामसुंदर शर्मा के सानिध्य में किया गया। सभी श्याम प्रेमी सालासर पहुंचकर सालासर चौक से हाथों में बालाजी का झंडा लेकर जयकारों के साथ मंदिर परिसर पहुंचे। विधिवत रूप से हनुमान जी महाराज के शिखर पर झंडा अर्पित किया गया। इसके बाद मंदिर प्रांगण में संकीर्तन का आयोजन किया गया। मंदिर परिसर में ही सभी श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई थी, जिसमें सभी ने भोग प्रसाद ग्रहण किया। इसके पश्चात मंडल का दल झुंझुनू के लिए रवाना हुआ। संध्या 5 बजे सभी श्रद्धालुओं ने झुंझुनू स्थित श्री राणी सती दादी के दरबार में दर्शन किए और रोली, मेहंदी व प्रसाद का भोग अर्पित किया। 6 फरवरी को सभी सदस्य रांची के लिए प्रस्थान करेंगे।


