भास्कर न्यूज | अमृतसर पंजाब विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवा ने कहा कि अमृतसर विश्व पर्यटन के मानचित्र में पहले से ही एक प्रमुख स्थान रखता है और अब पंजाब सरकार शहर के विकास को एक नए स्तर पर ले जाने की तैयारी में है। इसी कड़ी में अमृतसर में रोप-वे परियोजना शुरू करने की योजना पर गंभीरता से काम किया जा रहा है। संधवा ने बताया कि यदि सभी पक्षों की सहमति मिल जाती है तो आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल स्वयं इस परियोजना का शिलान्यास करेंगे। उन्होंने बताया कि रोप-वे बनने से श्री हरमंदर साहिब और श्री दुर्ग्याणा मंदिर में दर्शन करने आने वाले देश-विदेश से पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी। इसके साथ ही शहर में बढ़ता हुआ ट्रैफिक दबाव काफी हद तक कम होगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ साथ लोगों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना भी है। कुलतार सिंह संधवा ने दावा किया कि पंजाब सरकार 24 घंटे जनता की समस्याओं को सुनने और समाधान के लिए तत्पर है। स्पीकर कुलतार सिंह संधवा ने कहा कि सरकार जनता से किए वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में शहर के विकास के लिए और कई बड़े कदम उठाए जाएंगे। लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति पर बोलते हुए स्पीकर संधवा ने कहा कि पिछले महीनों में पंजाब में कानून-व्यवस्था को लेकर कुछ चुनौतियां सामने आई थीं, लेकिन अब सरकार ने इस पर सख्ती से नियंत्रण पाना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर राज्य में माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। संधवा ने कहा कि पंजाब सरकार का उद्देश्य एक सुरक्षित, विकसित और आधुनिक पंजाब की दिशा में तेजी से कदम बढ़ाना है और अमृतसर में रोप-वे परियोजना उसी कड़ी की एक महत्वपूर्ण शुरुआत होगी। बता दें कि इस प्रोजेक्ट को लेकर हाल ही में सरकार की ओर से इस काम का सर्वे भी करवाया था और विधानसभा के स्पीकर की ओर से ऐलान किए जाने से स्पष्ट है कि पंजाब सरकार इस पोजेक्ट पर काफी गंभीरता से काम कर रही है।


