भास्कर न्यूज | जालंधर जालंधर में होने वाले धार्मिक आयोजनों में प्रताप बाग स्थित श्री चैतन्य महाप्रभु श्री राधा माधव मंदिर का सालाना सम्मेलन प्रमुख है। इसमें पूरे पंजाब से भक्त आते हैं। विशाल रथ यात्रा के भव्य नजारों का इंतजार पूरा साल जालंधर करता है। इस बार अप्रैल में जालंधर में 5 दिन अलौकिक नजारा रहेगा। इस मंदिर में 67वें वार्षिक श्री हरिनाम संकीर्तन सम्मेलन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। सोमवार को मंदिर परिसर में चेयरमैन रेवती रमण गुप्ता की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें सम्मेलन की सारी गतिविधियां तय कर ली गई हैं। मंदिर के महासचिव राजेश शर्मा ने बताया कि श्री चैतन्य महाप्रभु के पावन आविर्भाव उत्सव के उपलक्ष्य में यह सम्मेलन 1 अप्रैल से 5 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा। इस बार सम्मेलन की अध्यक्षता मठ के वर्तमान आचार्य श्रीमद् भक्ति विचार विष्णु महाराज करेंगे। अजय अग्रवाल ने जानकारी दी कि इस आयोजन में देश के विभिन्न तीर्थ स्थलों से प्रख्यात संत-महात्मा शामिल होने पहुंच रहे हैं। बैठक में केवल कृष्ण, राम मिलन पांडे, समाज सेवक संजय सहगल, अजय अग्रवाल, मिंटू कश्यप, राजेंद्र लूथरा, विजय सग्गड़, हेमंत थापर, प्रेम चोपड़ा, ओम भंडारी, अजय अरोड़ा, अश्विनी अग्रवाल, गुरवरिंदर लाडी, ललित अरोड़ा, दीपक बंसल सहित भारी संख्या में मंदिर सेवक उपस्थित थे। 4 अप्रैल को निकलेगी रथ यात्रा, रूट तय, ड्यूटियां लगीं समय : दोपहर बजे। प्रताप बाग स्थित मंदिर प्रांगण से रवानगी होगी। रूट : शिवाजी पार्क, मिलाप चौक, श्री राम चौक, ज्योति चौक, ब्रैंड रथ रोड, रैणक बाजार, सैंदा गेट,फगवाड़ा गेट, भगत सिंह चौक। विश्राम : रथ यात्रा नगर भ्रमण के पश्चात पुनः मंदिर प्रांगण में संपन्न होगी। अन्य : सदस्यों की ड्यूटियां बंटी। श्रद्धालुओं के लिए वैल पार्किंग होगी।


