संगोष्ठी का आयोजन:डॉ. अंबेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर दीप जलाकर दी श्रद्धांजलि, आज निकलेगी रैली

डॉ. भीमराव अंबेडकर ने जीवनभर भेदभाव झेला। कठिन हालात में उच्च शिक्षा हासिल की। फिर भारत के दरिद्र नारायण की सेवा में जुटे। वे अस्पृश्यता मिटाना चाहते थे। हिंदू समाज में समता और बंधुता के पक्षधर थे। आज राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रयासों से समरस समाज की दिशा में देश काफी आगे बढ़ चुका है। ये विचार संस्कृत भारती के विचारक केसर सिंह सूर्यवंशी ने रविवार को भगवान महावीर टाउन हॉल में व्यक्त किए। वे मधुकर जन चेतना न्यास की ओर से आयोजित संगोष्ठी में मुख्य वक्ता थे। विषय था- सशक्त एवं समरस राष्ट्र के निर्माण में डॉ. अंबेडकर का योगदान। मुख्य अतिथि डॉ. राहुल बामणिया, अध्यक्षता कर रहे जोधपुर डिस्कॉम के सेवानिवृत एमडी बी. डी. मालू और न्यास अध्यक्ष मनोहर लाल बंसल ने कार्यक्रम की भूमिका पर विचार रखे। मगराज ने संस्कृति गीत प्रस्तुत किया। सूर्यवंशी ने कहा कि 1857 में स्वतंत्रता का पहला बड़ा प्रयास हुआ, लेकिन असफल रहा। इससे देश में निराशा फैली। इस निराशा को दूर करने का कार्य स्वामी दयानंद सरस्वती और स्वामी विवेकानंद ने किया। विवेकानंद ने तीन विचार दिए। पहला था दरिद्र नारायण का कल्याण, जिसे अंबेडकर ने पूरा करने का प्रयास किया। सूर्यवंशी ने कहा कि अंबेडकर का विरोध सत्याग्रह आधारित था। वे न्यूनतम हानि वाले मार्ग से न्याय दिलाना चाहते थे। वे हिंदू धर्म के संरक्षक थे। 1935 के कांग्रेस अधिवेशन में उन्होंने कहा था कि अस्पृश्यता सार्वजनिक रूप से नहीं होनी चाहिए। मुख्य अतिथि डॉ. राहुल बामणिया ने कहा कि डॉ. अंबेडकर कुशाग्र बुद्धि के थे। कार्यक्रम के अंत में अध्यक्षता कर रहे बी. डी मालू ने आभार व्यक्त किया। संचालन न्यास सदस्य दशरथ शारदा ने किया। डॉ. भीमराव अंबेडकर की 134वीं जयंती पर श्री जटिया रैगर समाज की ओर से सोमवार को कई कार्यक्रम होंगे। सुबह 7.30 बजे श्री जटिया समाज हनुमान मंदिर में अंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसके बाद सुबह 7.45 बजे शिव नगर स्थित जटिया समाज शिक्षण संस्थान में स्थापित प्रतिमा पर माल्यार्पण होगा। शिव नगर की छह बीघा जमीन पर शाम 5 बजे पुरुष वर्ग के लिए 100 मीटर दौड़ और लंबी कूद प्रतियोगिता होगी। शाम 6 बजे केक काटा जाएगा। आतिशबाजी के साथ जयंती का उत्सव मनाया जाएगा। शाम 6.30 बजे रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता की शुरुआत होगी। समाज के अध्यक्ष सुरेश जाटोल, उपाध्यक्ष बलदेव फुलवारिया, महामंत्री ओमप्रकाश जाटोल और कोषाध्यक्ष ललित बाकोलिया ने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर रविवार शाम 7 बजे चौहटन रोड स्थित अम्बेडकर सर्किल पर केक काटा गया। समारोह समिति के मीडिया प्रभारी हितेश तंवर ने बताया कि कार्यक्रम में चौहटन विधायक आदूराम मेघवाल, एडिशनल एसपी नितेश आर्य, संयोजक विमला बृजवाल, कार्यक्रम प्रभारी खीमकरण खींची, कोषाध्यक्ष महिपाल खोरवाल सहित अन्य अतिथि शामिल हुए। सभी ने दीप प्रज्वलित कर आतिशबाजी की। विधायक आदूराम मेघवाल ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाई। समारोह समिति की संयोजक विमला बृजवाल ने बताया कि सोमवार सुबह 8 बजे अम्बेडकर सर्किल पर बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। इसमें विधायक आदूराम मेघवाल, जिला कलेक्टर टीना डाबी, पुलिस अधीक्षक नरेंद्र मीणा सहित समिति के पदाधिकारी शामिल होंगे। इसके बाद सभी अतिथि हरी झंडी दिखाकर जन जागरण रैली को रवाना करेंगे। कार्यक्रम प्रभारी खीमकरण खींची और रैली प्रभारी उमाशंकर फुलवारिया ने बताया कि रैली अम्बेडकर सर्किल से शुरू होकर ढाणी बाजार, अहिंसा सर्किल होते हुए भगवान महावीर टाउन हॉल पहुंचेगी। वहां जिलास्तरीय कार्यक्रम होगा। डॉ. अम्बेडकर पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में सुरेश जाटोल, डॉ. राहुल बामणिया, उमाशंकर फुलवारिया, लक्ष्मण बडेरा, ईश्वरचंद नवल, भेरूसिंह फुलवारिया, एडवोकेट प्रेमप्रकाश चौहान, भगवान बारूपाल, राजेंद्र सांवरिया, एडवोकेट जोगराज सिंह, दिलीप सेजु, तुलसीदास जाटोल, हीरालाल खोरवालसहित कई लोग मौजूद रहे। डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में रविवार को अंबेडकर सर्किल चौहटन रोड पर स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा के समरसता पर्व कार्यक्रम के तहत अंबेडकर मूर्ति की सफाई की गई। फूलमालाओं से सजावट की गई। 135 दीप जलाकर दीपोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष अनंतराम विश्नोई और जिला प्रभारी विधायक आदूराम मेघवाल ने किया। कार्यक्रम संयोजक मुस्कान मेघवाल, जिला महामंत्री देवीलाल कुमावत, सहसंयोजक ईश्वर नवल, भाजपा नेता लक्ष्मण वडेरा, नगर अध्यक्ष किशन बोहरा, गादान अध्यक्ष स्वरूपसिंह लंगेरा मौजूद रहे। जिला संयोजक मुस्कान मेघवाल ने बताया कि भाजपा की ओर से 13 से 30 अप्रैल तक अंबेडकर जयंती सम्मान अभियान पखवाड़ा मनाया जा रहा है। जिला प्रभारी आदूराम मेघवाल ने बताया कि यह कार्यक्रम बूथ स्तर तक आयोजित किए जा रहे हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष अनंतराम विश्नोई ने बताया कि सोमवार को सुबह 8.30 बजे अंबेडकर चौराहे चौहटन रोड पर पुष्पांजलि दी जाएगी। कार्यक्रम में सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *