स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 के तहत सागर में नगर निगम शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए कार्य कर रहा है। जिसको लेकर बुधवार को नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने शहर में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान वे संगीत महाविद्यालय के पास से बनाई जा रही सड़क का काम देखने पहुंचे। उन्होंने सड़क पर डिवाइडर बनाने और सड़क पर फैली निर्माण सामग्री को तत्काल साफ करने के निर्देश दिए। सफाई व्यवस्था का जायजा लिया उन्होंने जैन हायर सेकंडरी स्कूल के पास नाले के कार्य को जल्द पूरा कर नाले की सफाई कराने, साथ ही रैंप बनाने और दीनदयाल चौराहा के सौंदर्यीकरण के लिए बनाई जा रही रोटरी में रेलिंग लगाकर पौधे लगाने के निर्देश दिए। इस दौरान निगम आयुक्त ने शहर की सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया। दुकानदारों को अपने आसपास साफ-सफाई रखने की समझाइश दी। उन्होंने संजय ड्राइव पर किए जा रहे सौंदर्यीकरण के कार्यों का निरीक्षण किया और संजय ड्राइव मार्ग पर हर 50 मीटर पर सड़क के दोनों और डस्टबिन लगाने और रोटरी में प्लांटेशन करने की बात कही। अतिक्रमण पर करें तत्काल कार्रवाई निगमायुक्त ने अधिकारियाें से कहा कि सभी जोन प्रभारी यह ध्यान रखें कि मुख्य मार्गों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न हो। अगर कोई भी व्यक्ति अतिक्रमण करते हुए पाया जाए, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। डस्टबीन में जमा करें कचरा नगर निगम आयुक्त खत्री ने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों से कहा कि वे अपनी दुकानों के सामने डस्टबीन रखें। दुकान का कचरा डस्टबीन में एकत्रित कर कचरा गाड़ी को दें। उसे किसी भी स्थिति में सड़क पर न डालें और शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में सहयोग करें। दुकान के आसपास सड़क पर कचरा फैला मिलने पर संबंधित का चालान बनाया जाएगा।


