रांची | पुरुलिया रोड स्थित संत अल्बर्ट कॉलेज में गुरूवार को नॉन फॉर्मल विद्यार्थियों के लिए एक दिवसीय वार्षिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत सामूहिक गीत, नृत्य और अन्य रंगारंग प्रस्तुतियां शामिल थीं। वहीं खेलकूद प्रतियोगिता में ट्रेन रेस, बलून रेस, स्टोन रेस आदि रोमांचक खेलों का आयोजन किया गया। वहीं, स्टाफ के लिए भी बॉम्बिंग द सिटी जैसे मनोरंजक खेल आयोजित किए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्रदर मरियानुस बिलुंग व विशिष्ट अतिथि फादर जेवियर खेस थे। प्रतियोगिता में पहले स्थान पर अरगोड़ा, दूसरे स्थान पर हातमा और तीसरे स्थान पर ईरगुटोली के शिक्षण संस्थान रहे। कार्यक्रम में स्टाफ सहित लगभग 350 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मौके पर कॉलेज के प्रमुख फादर अजय कुमार खलखो, फादर रैमन टोबियस टोप्पो, ब्रदर अनोरोध सहित अन्य मौजूद थे।


