संत गाडगे महाराज के विचार हम सभी के लिए अनुकरणीय हैं: शर्मा

भास्कर न्यूज|कवर्धा रविवार को नगर धोबी समाज ने संत गाडगे महाराज की 149वीं जयंती मनाई। शहर के वीर सावरकर भवन में हुए कार्यक्रम में डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने संत गाडगे महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उनके आदर्शों को स्मरण किया। उन्होंने संत गाडगे महाराज के जीवन व उनके द्वारा समाज के उत्थान के लिए किए गए कार्य को बताया। इस अवसर पर डिप्टी सीएम ने घोटिया रोड में चौक के नामकरण, सौंदर्यीकरण और संत गाडगे महाराज की मूर्ति स्थापना की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह समाज के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगा। संत गाडगे महाराज के विचारों को आगे बढ़ाने में सहायक होगा। संत गाडगे महाराज का जीवन समाज सेवा व स्वच्छता के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने पूरे समाज को स्वच्छता का महत्व समझाया। लोगों को अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। संत गाडगे महाराज के विचार हम सभी के लिए अनुकरणीय हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही हम समाज के विकास में योगदान दे सकते हैं। इस अवसर पर पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष पटेल, जिला पंचायत सदस्य कैलाश चंद्रवंशी, विजय पटेल समेत समाज के पदाधिकारी मौजूद थे। डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार समाज के हर वर्ग को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि समाज के हित में चल रहे कार्य निरंतर जारी रहेंगे। सरकार इसमें हरसंभव सहयोग देगी। धोबी समाज की प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि यह समाज विभिन्न क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। समाज को एकजुट होकर शिक्षा, व्यवसाय व सामाजिक सेवा के क्षेत्र में और अधिक सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। समाज के वरिष्ठजन जब एक साथ बैठकर समाज की उन्नति के लिए विचार-विमर्श करते हैं तो इससे नए कार्य की दिशा तय होगी। युवाओं को समाज से जुड़ने का आह्वान किया गया कार्यक्रम में समाज के युवाओं को जुड़कर काम करने का आह्वान किया है। युवा शक्ति किसी भी समाज की रीढ़ होती है। अगर युवा समाज सेवा और स्वच्छता जैसे कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेंगे, तो पूरा समाज प्रगति की ओर बढ़ेगा। युवाओं से संत गाडगे महाराज के सिद्धांतों को अपनाने और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। इस अवसर पर समाज के प्रमुख पदाधिकारी मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *