संत रविदास जयंती पर भाजपा की समरसता संकल्प यात्रा

भास्कर न्यूज | लातेहार ​संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा निकाली जा रही समरसता संकल्प यात्रा के तहत पवित्र कलश यात्रा गुरुवार को पलामू के रास्ते लातेहार पहुंचेगी। यात्रा के आगमन और स्वागत की तैयारियों को लेकर लातेहार परिसदन भवन में बुधवार को जिला कमेटी ने प्रेस वार्ता की। पूर्व विधायक हरिकृष्ण सिंह ने बताया कि वाराणसी (काशी) से शुरू हुई यह यात्रा पलामू के रास्ते लातेहार पहुंचेगी। यहां रात्रि विश्राम के बाद कलश यात्रा लोहरदगा होते हुए रांची व झारखंड के अन्य जिलों के लिए रवाना होगी। उन्होंने कहा कि संत रविदास ने समता, सामाजिक समरसता और मानव सेवा का जो संदेश दिया, वह आज भी अत्यंत प्रासंगिक है। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य उनके आदर्शों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाना है। ​भाजपा जिलाध्यक्ष बंशी यादव और अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष पिंटू रजक ने बताया कि यात्रा 30 अगस्त तक जिला मुख्यालयों में भ्रमण करेगी। इसके बाद यह मंडल स्तर तक पहुंचेगी। फिर यह बूथ स्तर तक पहुंचेगी। बूथ स्तर पर कलश की पवित्र मिट्टी से संत रविदास मंदिर व धार्मिक स्थलों पर पौधरोपण किया जाएगा। उन्होंने जिलेवासियों से यात्रा का भव्य स्वागत करने और इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। बताया गया कि ​यह राष्ट्रव्यापी समरसता संकल्प यात्रा 20 फरवरी 2027 को संपन्न होगी। प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष राकेश दुबे, जिला मंत्री मुकेश पांडेय सहित कई भाजपाई मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *