धौलपुर के आंगई थाना क्षेत्र के रहरई गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता की मौत का मामला सामने आया है। मृतक महिला का शव घर में बने कमरे पर फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला है। घटना के बाद आंगई पुलिस ने मौके पर पहुंच मृतक महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सरमथुरा अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है। मृतक महिला पूजा मीणा (20) पुत्री रामेश्वर मीणा देवरा थाना मासलपुर क्षेत्र की निवासी थी। जिसकी मौत के बाद उसके पिता ने थाने में दहेज की खातिर हत्या करने का मामला दर्ज कराया है। थाने में दर्ज कराए गए मामले में मृतक महिला के पिता ने बताया है कि एक वर्ष पूर्व उसकी दो बेटी पूजा और आरती की शादी बनवारी और खेमा मीणा के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज की खातिर दोनों को परेशान कर रहे थे। रिपोर्ट में बताया गया है कि छोटी बेटी आरती ने अपने पिता को फोन कर दहेज की खातिर अपनी बड़ी बहन पूजा की हत्या की जानकारी दी थी। जिसके बाद मौके पर पहुंचे पीहर पक्ष के लोगों को उनकी छोटी बेटी आरती मिली। जो बड़ी बेटी पूजा के शव के पास बैठी हुई थी। जिसने ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा हत्या की बात कही। मौके पर पहुंचे पीहर पक्ष के लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। जिस पर पुलिस ने मृतक महिला के शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया। जानकारी के मुताबिक मृतक महिला ने करीब 2 माह पहले एक बच्चे को भी जन्म दिया। ग्रामीणों के मुताबिक घटना के समय मृतक महिला के साथ ससुर खेत पर काम करने गए थे। पुलिस ने मृतक महिला के शव को मॉर्च्युरी में रखवा कर मामले की जांच शुरू कर दी हैं।


