संदिग्ध हालात में नदी में मिला अधेड़ का शव:सतना में 4 दिन से लापता व्यक्ति की हुई पहचान

सतना जिले के कोटर थाना क्षेत्र अंतर्गत ढोढी के पास नदी में गुरुवार को एक अधेड़ का शव संदिग्ध परिस्थितियों में तैरता मिला। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक पिछले चार दिनों से लापता था, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान महदेवा पंचायत बिहरा निवासी राकेश सिंह (53) पिता राम विश्वास के रूप में हुई। राकेश सिंह बीते 21 दिसंबर की शाम से अपने घर से लापता थे। परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी
परिजनों ने काफी तलाश के बाद जब उनका कोई सुराग नहीं मिला, तो 23 दिसंबर को कोटर थाने में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शव मिलने की सूचना पर परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और मृतक की शिनाख्त की। परिजनों ने बताया कि राकेश सिंह के लापता होने के बाद से परिवार लगातार परेशान था, लेकिन इस तरह शव मिलने की किसी को उम्मीद नहीं थी। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। कोटर थाना पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मामला दुर्घटना का है या किसी साजिश के तहत की गई हत्या का। पुलिस आसपास के क्षेत्र, नदी के घाटों और मृतक के संपर्कों की भी जानकारी जुटा रही है। मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *