नगरपालिका ने किया सम्मान समारोह का आयोजन:’स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत हुई कार्यशाला

आगर मालवा में नगर पालिका परिषद ने गुरुवार को ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत एक सम्मान समारोह सह कार्यशाला का आयोजन किया। यह कार्यक्रम नगर पालिका परिषद परिसर में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य स्वच्छता अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रतिष्ठानों, शिक्षण संस्थानों, स्वच्छता कर्मियों और सामाजिक संगठनों को सम्मानित करना तथा आगामी स्वच्छता लक्ष्यों के प्रति सभी को प्रेरित करना था। इस अवसर पर स्वच्छता में सराहनीय योगदान के लिए अरविंद कैफे हाउस, अधिराज कैफे हाउस, हनुमान टी स्टॉल और पायल आइसक्रीम सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों को सम्मानित किया गया। वहीं, सेफर्ड हाई स्कूल, श्रीकृष्णा रतन हायर सेकेंडरी स्कूल, संस्कार एकेडमी, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय को स्वच्छता अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाने पर पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि नगर परिषद का संकल्प है कि वर्ष 2025 में स्वच्छता के क्षेत्र में राष्ट्रपति राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त कर आगर नगर को प्रदेश और देश में अग्रणी स्थान दिलाया जाए। इसके लिए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों को एकजुट होकर निरंतर प्रयास करने होंगे। अतिथियों ने नागरिकों से अपने घर, मोहल्ले और शहर को स्वच्छ रखने, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने, कचरे का पृथक्करण करने तथा स्वच्छ भारत अभियान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया। कार्यशाला के दौरान स्वच्छता के नवीन उपायों, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, जनजागरूकता और पर्यावरण संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष ओम मालवीय, नगर पालिका अध्यक्ष निलेश जैन पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि भेरू सिंह चौहान, नगर मंडल भाजपा महामंत्री मयंक राजपूत, सांसद प्रतिनिधि दिनेश परमार, स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर सतीश गहलोत और मुख्य नगर पालिका अधिकारी कुशल सिंह डोडवे सहित नगर परिषद के जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पार्षद, स्वच्छता निरीक्षक, कर्मचारी, एसके वेस्ट मैनेजमेंट सर्विसेज की टीम तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *