नीमच में 360वें प्रकाश पर्व पर निकला नगर कीर्तन:पंजाब की गतका टीमों ने दिखाए करतब, जगह-जगह हुआ स्वागत

नीमच में दशमेश पिता साहिब श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज का 360वां प्रकाश पर्व गुरुवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सिख समाज द्वारा शहर के प्रमुख मार्गों से एक भव्य नगर कीर्तन निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। नगर कीर्तन की शुरुआत गुरुद्वारा साहिब से हुई। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की छत्रछाया और पंच प्यारों की अगुवाई में पूरा वातावरण ‘वाहेगुरु’ के जयकारों, शबद कीर्तन और गुरबाणी की मधुर गूंज से भक्तिमय हो उठा। इस भव्य आयोजन का मुख्य आकर्षण पंजाब से आई फौज-ए-खालसा और वीर खालसा तरनतारन की टीमें रहीं। इन टीमों ने पारंपरिक शस्त्रों के साथ हैरतअंगेज गतका प्रदर्शन कर गुरु गोविंद सिंह जी के शौर्य और खालसा परंपरा का जीवंत प्रदर्शन किया। भटिंडा के फतेह बैंड ने भी धार्मिक धुनें प्रस्तुत कर संगत को भाव-विभोर कर दिया। नगर कीर्तन गुरुद्वारा साहिब से प्रारंभ होकर लायन्स पार्क, जैन भवन रोड, टैगोर मार्ग, कमल चौक, फव्वारा चौक, बारादरी, नया बाजार, घंटाघर, तिलक मार्ग, पुस्तक बाजार और विजय टॉकीज चौराहा होते हुए पुनः गुरुद्वारा साहिब पहुंचा, जहां इसका समापन हुआ। पूरे मार्ग पर विभिन्न सामाजिक संगठनों, ब्राह्मण समाज और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर संगत का भव्य स्वागत किया। समाजसेवी अरुल अशोक अरोरा (गंगानगर) ने भी पुष्प वर्षा कर अभिनंदन किया और सेवा भाव से जलपान व स्वल्पाहार की व्यवस्था की। कई स्थानों पर शीतल जल और जलपान की व्यवस्था भी की गई थी। नीमच सिख समाज के अध्यक्ष हरभजन सिंह सलूजा और सचिव सतपाल सिंह छाबड़ा ने बताया कि प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में 18 दिसंबर से प्रभात फेरियों का सिलसिला शुरू हुआ था, जिसका समापन इस भव्य नगर कीर्तन के साथ हुआ। पूरे आयोजन के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था चाक-चौबंद रही, जिससे श्रद्धालुओं को सुगमता हुई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *