बड़वानी जिले के अंजड़ नगर में परिंदा क्रिकेट क्लब द्वारा आयोजित अखिल भारतीय टी-20 लेदर बॉल क्रिकेट स्पर्धा के तीसरे दिन गुरुवार को तीन हाईप्रोफाइल मुकाबले खेले गए। ये मैच नगर के स्वामी अमूर्तानंद शासकीय महाविद्यालय मैदान में हुए, जिसमें देश की ख्यातनाम टीमों के खिलाड़ियों ने अपना हुनर दिखाया। स्पर्धा में प्रायोजक प्रत्येक चौके और छक्के पर ढोल-ताशे और आतिशबाजी के साथ खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ा रहे हैं, जिसका हजारों दर्शक आनंद ले रहे हैं। दिन का पहला मुकाबला मुंबई और हरियाणा टीम के बीच हुआ। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई ने 15 ओवर में 7 विकेट खोकर 158 रन बनाए। जवाब में, हरियाणा की टीम 15 ओवर में 6 विकेट खोकर 128 रन ही बना सकी। मुंबई ने यह मैच 30 रनों से जीता। मानव टिबरेवाला को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जिन्होंने 28 गेंदों पर 4 छक्कों और 3 चौकों की मदद से 50 रन बनाए। दूसरा मुकाबला इंदौर और दिल्ली के बीच खेला गया। इंदौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में 6 विकेट पर 170 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की टीम 13 ओवर में मात्र 112 रन पर ऑल आउट हो गई। इंदौर ने 58 रनों से जीत दर्ज की। अर्पित पटेल को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया, जिन्होंने 26 गेंदों पर 5 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 44 रन बनाए। तीसरा मैच बड़ौदा और भोपाल के बीच हुआ। बड़ौदा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और 13.4 ओवर में 125 रन बनाए। इसके जवाब में, भोपाल की टीम 14 ओवर में केवल 88 रन ही बना पाई। बड़ौदा ने यह मैच 37 रनों से जीता। बड़ौदा के विधान तिवारी को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जिन्होंने 3 ओवर में एक मेडन सहित 12 रन देकर 2 विकेट लिए।


