संपत्ति के लिए सौतेले भाइयों के बीच चल रहा था विवाद, रंगपुर गांव के पास खेत में मिला शव

भास्कर न्यूज| सरायकेला सरायकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत केंद्रपोसी गांव के 50 वर्षीय लक्ष्मण हेंब्रम की हत्या उनके ही सौतेले भाइयों द्वारा कर दी गई। मृतक का शव रंगपुर गांव के पास खेत में पड़ा मिला। घटना बुधवार पूर्वाह्न 10:30 के आसपास की है। जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों के मुताबिक, लक्ष्मण हेंब्रम सुबह 10 बजे के आसपास रंगपुर गांव में खेत जोतने के लिए ट्रैक्टर चालक के पास गए हुए थे। तभी पहले से घात लगाए बैठे सौतेले भाई मनोज हेंब्रम और मदन हेंब्रम ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि दोनों ने मिलकर उन्हें पत्थर से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। जानकारी के अनुसार लक्ष्मण हेंब्रम के पिता तीन विवाह किए थे। पहली पत्नी से लक्ष्मण और अन्य से मनोज व मदन का जन्म हुआ था। जमीन और संपत्ति को लेकर सौतेले भाइयों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जो इस खौफनाक घटना का कारण बना। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल सरायकेला थाना पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर मुख्य आरोपी मनोज हेंब्रम की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटनास्थल पर कुछ प्रत्यक्षदर्शी गवाह भी पुलिस को मिले हैं। पुलिस उन लोगों से पूछताछ कर रही है। इधर मृतक लक्ष्मण की बहन रीना सोय ने कहा कि लक्ष्मण को मारने के लिए पहले से ही सौतेले भाइयों द्वारा धमकी दी गई थी तथा कहा गया था कि लक्ष्मण को जमीन नहीं दी जाएगी। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *