संभल में बीते एक महीने में 11 करोड़ की बिजली चोरी हुई है। खास बात यह कि इसमें से अकेले 1.9 करोड़ का जुर्माना सपा सांसद बर्क पर लगा है। यह आंकड़ा 17 दिसंबर से 15 जनवरी तक चले अभियान के दौरान शाही जामा मस्जिद सर्वे विवाद के बाद का है। बिजली विभाग की ओर से चोरी के कुल 1400 केस दर्ज किए गए हैं। जिसमें सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क समेत 16 मस्जिद और 2 मदरसे शामिल हैं। जिन पर कुल 11 करोड़ का जुर्माना लगाया। 20 लाख की वसूली भी की जा चुकी है। बिजली विभाग ने बिल जमा करने के लिए बर्क को 1 हफ्ते का समय दिया है। जानिए पूरा मामला… संभल की सदर तहसील क्षेत्र में शाही जामा मस्जिद के दूसरे सर्वे के दौरान हिंसा हुई। इसके बाद से जिला प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी। बिजली विभाग भी एक्टिव हुआ। 17 दिसंबर को बिजली विभाग ने इलाके में पुराने मीटर हटाकर स्मार्ट मीटर लगाए थे। 19 दिसंबर को चेकिंग के दौरान सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क के यहां बिजली चोरी पकड़ी गई थी। सांसद बर्क के घर पर 2-2 किलोवॉट के दो कनेक्शन थे। एक सांसद के नाम से और दूसरा उनके दादा जी के नाम से था। जांच में बर्क के घर पर 16 किलोवॉट बिजली की खपत मिली। मीटर की जांच रिपोर्ट में दोनों पुराने मीटरों में छेड़छाड़ करके बिजली चोरी की बात सामने आई। इसके बाद बिजली चोरी की धारा-135 के तहत बर्क के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई। घर का कनेक्शन काट दिया गया। सांसद पर एक करोड़ 91 लाख रुपए का जुर्माना लगाकर नोटिस जारी किया गया। मामले में सपा सांसद बर्क की ओर से बिजली विभाग की ओर से लगाए जुर्माने पर जवाब दाखिल किया गया। बिजली विभाग उनके जवाब से संतुष्ट नहीं हुआ। कहा- सांसद ने बिजली खर्च करने का कोई प्रमाण नहीं दिखाया है। सांसद बर्क को एक हफ्ते का दिया गया समय अधीक्षण अभियंता चंदौसी विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि 1400 से अधिक बिजली चोरी के मामले दर्ज किए जा चुके हैं। बिजली विभाग अब तक 11 करोड़ में से 20 लाख की वसूली कर चुका है। सांसद के जवाब से हम संतुष्ट नहीं है। उन्हें एक सप्ताह का समय और दिया गया है। इसके बाद उनसे वसूली की कार्रवाई की जाएगी। बर्क के पिता ने कहा था- सुई का फावड़ा बना रहे सांसद बर्क के पिता ममलूकुर्रहमान बर्क ने बिजली विभाग की जांच के समय कहा था- मीटर लग रहा है। इसमें कोई नई बात नहीं है। पुराना मीटर बदल कर नया लग रहा है। जब उनसे पूछा गया कि खग्गू सराय के मामले के बाद ऐसा किया जा रहा, तो उन्होंने कहा कि सुई का फावड़ा बनाया जा रहा है। मंदिर-मस्जिद को लेकर चर्चा में संभल हिंदू पक्ष ने 95 पेज की याचिका में 2 किताब और 1 रिपोर्ट को आधार बनाया केलादेवी मंदिर के महंत ऋषि राज गिरि ने दावा किया कि शाही जामा मस्जिद श्रीहरिहर मंदिर है। मस्जिद में मंदिर के कई प्रमाण हैं। यहीं पर भगवान विष्णु के दशावतार कल्कि का अवतार होना है। शाही जामा मस्जिद सदर कोतवाली क्षेत्र के कोट पूर्वी में स्थित है। 19 नवंबर को 8 लोग मामले को लेकर कोर्ट पहुंचे और एक याचिका दायर की। इनमें सुप्रीम कोर्ट के वकील हरिशंकर जैन और उनके बेटे विष्णुशंकर जैन प्रमुख हैं। ये दोनों ताजमहल, कुतुब मीनार, मथुरा, काशी और मध्य प्रदेश के धार जिले की भोजशाला के मामले को भी देख रहे हैं। इनके अलावा याचिकाकर्ताओं में वकील पार्थ यादव, केलादेवी मंदिर के महंत ऋषिराज गिरी, महंत दीनानाथ, सामाजिक कार्यकर्ता वेदपाल सिंह, मदनपाल, राकेश कुमार और जीतपाल यादव भी शामिल हैं। हिंदू पक्ष का दावा है कि ये जगह पहले श्रीहरिहर मंदिर हुआ करती थी, जिसे बाबर ने 1529 में तुड़वाकर मस्जिद बनवा दिया। यह खबर भी पढ़ें… सपा सांसद पर बिजली चोरी की FIR, कनेक्शन काटा:उनके पिता पर धमकाने का केस, अखिलेश बोले- मुस्लिमों के घर छापेमारी की जा रही संभल में सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क के खिलाफ बिजली चोरी का केस दर्ज किया गया है। उनके पिता ममलूकुर्रहमान बर्क के खिलाफ बिजली विभाग के अफसरों को धमकाने का केस हुआ है। बिजली विभाग की टीम गुरुवार को पुलिस फोर्स के साथ सांसद बर्क के घर पहुंची और बिजली का कनेक्शन काट दिया। पढ़ें पूरी खबर


