संभागीय आयुक्त डॉ. प्रतिभा सिंह ने मंडली ग्राम पंचायत में आयोजित ग्रामीण समस्या समाधान शिविर का अवलोकन किया। उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं और विभिन्न विभागों द्वारा आमजन को दी जा रही सेवाओं का जायजा लिया। इस दौरान डॉ. सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। शिविर में संभागीय आयुक्त ने जनसुनवाई करते हुए ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने राजस्व, पेयजल, विद्युत, सड़क, सामाजिक सुरक्षा और चिकित्सा सहित विभिन्न विभागों से संबंधित अपनी मांगें और शिकायतें प्रस्तुत कीं। शिविर स्थल पर संभागीय आयुक्त ने गोद भराई रस्म में भी भाग लिया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को पोषण किट प्रदान किए और उनके स्वास्थ्य तथा सुरक्षित मातृत्व की कामना की। उन्होंने महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान नियमित जांच, संतुलित आहार और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। इस कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी अशोर कुमार, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


