भास्कर न्यूज| रायगड़ा रायगड़ा जिला प्रशासन की ओर से मंगलवार को कॉलनारा ब्लॉक कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में संयुक्त शिकायत सुनवाई शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कलेक्टर आशुतोष कुलकर्णी ने की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक स्वाति एस कुमार, जिला परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अक्षय कुमार खेमुंडु, उप जिलापाल राकेश कुमार जेना, मुख्य जिला चिकित्सा व जन स्वास्थ्य अधिकारी बी. सरोजिनी देवी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। शिकायत सुनवाई शिविर में कुल 53 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 33 व्यक्तिगत और 16 सामूहिक ग्राम स्तरीय शिकायतें थीं। इसके अलावा जिला कलेक्टर ने 3 लोगों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 36 हजार रुपये व 1 व्यक्ति को रेड क्रॉस फंड से 5 हजार रुपये की आर्थिक सहायता इलाज के लिए प्रदान की। शिकायतों में मुख्य रूप से आवास योजना के तहत मकान, स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं, भूमि विवाद, पारिवारिक समस्याएं, सिंचाई, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, सड़क निर्माण, पुल निर्माण, आंगनबाड़ी भवन निर्माण एवं अन्य बुनियादी समस्याएं शामिल थीं। जिला कलेक्टर ने सभी शिकायतों पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। इस मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी रामचंद्र नाहक, जिला कल्याण अधिकारी असीमा राव, मुख्य जिला कृषि अधिकारी एहसान शेख, जिला आबकारी अधीक्षक संतोष कुमार धल सामंत, जिला आपूर्ति अधिकारी दाशरथी सरन, जिला बाल संरक्षण अधिकारी प्रतिभा रानी दास, जिला मत्स्य अधिकारी एस.के. गौड़, जिला सामाजिक सुरक्षा अधिकारी श्रीकांत पाणिग्राही, सहायक वन अधिकारी अशोक कुमार प्रधान, जिला श्रम अधिकारी, ग्रामीण जल आपूर्ति संस्था के कार्यपालक अभियंता, जिला सूचना एवं लोक संपर्क अधिकारी व सहायक जिला सूचना एवं लोक संपर्क अधिकारी समेत अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।


