राजसमंद में आज भारतीय संविधान की 75 वर्ष की यात्रा और वंदे मातरम् राष्ट्रीय गीत के 150 वर्ष पूरे होने पर तीन दिवसीय मल्टीमीडिया प्रदर्शनी की शुरुआत हुई। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत संचालित केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी) उदयपुर द्वारा आयोजित इस प्रदर्शनी का शुभारंभ कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा ने किया। उपलब्धियों को प्रदर्शित किया सीबीसी के सहायक निदेशक आर.एल. मीणा ने बताया कि प्रदर्शनी में केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं, वंदे मातरम् के इतिहास, तथा संविधान की 75 वर्ष की उपलब्धियों को आकर्षक मल्टीमीडिया रूप में प्रदर्शित किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी के दौरान तकनीकी सत्र भी आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें विभिन्न विभागों के अधिकारी आमजन को अपनी योजनाओं, उपलब्धियों तथा लाभार्थी प्रक्रियाओं की जानकारी दे रहे हैं। स्टूडेंट्स ने भी किया पार्टिसिपेट प्रदर्शनी स्थल पर मौखिक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में छात्रों ने भाग लिया। विजेताओं को मौके पर ही सम्मानित किया गया। सुबह के सत्र में स्कूली बच्चों, महाविद्यालयीन विद्यार्थियों, मेडिकल व नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रदर्शनी का अवलोकन किया। तीन दिवसीय यह प्रदर्शनी जन-जागरूकता का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है।


