अभिलाषा भारतीय की ओर से निर्देशित शॉर्ट एनिमेशन फिल्म ‘संवेदना’ ने प्रतिष्ठित जयपुर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (JIFF) में बेस्ट एनिमेशन शॉर्ट फिल्म कैटेगरी में स्पेशल मेंशन ज्यूरी अवॉर्ड हासिल किया है। यह पुरस्कार राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित 17वें जिफ की अवॉर्ड सेरेमनी में प्रदान किया गया। फिल्म की स्क्रीनिंग जयपुर के जीटी सेंट्रल सिनेमा हॉल में हुई, जहां दर्शकों ने इसे भरपूर सराहा। संवेदना मानवीय भावनाओं को गहराई से प्रस्तुत करने वाली 5 मिनट की शॉर्ट फिल्म है। इसकी कहानी बताती है कि किसी के दर्द को केवल सहानुभूति से नहीं, बल्कि समानुभूति से महसूस करना चाहिए। संवेदना इससे पहले भी कई पुरस्कार जीत चुकी है। अभिजात शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल, लातूर में बेस्ट एनिमेशन शॉर्ट फिल्म का खिताब हासिल किया। गोवा इंटरनेशनल शॉर्ट फिल्म कॉम्पिटिशन में भी इसी कैटेगरी में पुरस्कार मिला। वहीं पुणे में आयोजित 24वें मुम्बा फिल्म फेस्टिवल में दर्शकों से भरपूर प्रशंसा मिली है। इस फिल्म के लेखक तपन भट्ट हैं, जबकि एडिटिंग का काम स्वप्निल टांक ने संभाला है। फिल्म में जाह्नवी, आयुषी, सिद्धि, खुशी, अक्षिता, प्रियंका, स्नेहा, और एंजेलिना ने अपने अभिनय से कहानी को जीवंत किया है। अभिटूंस क्रिएशन के बैनर तले बनी यह शॉर्ट एनिमेशन फिल्म अब तक देश के 6 बड़े फिल्म फेस्टिवल्स में अपनी उपस्थिति दर्ज करा चुकी है और हर जगह प्रशंसा हासिल की है। फिल्म की निर्देशिका अभिलाषा भारतीय ने कहा कि संवेदना केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि एक संदेश है जो समाज में समानुभूति की आवश्यकता को रेखांकित करता है। यह उपलब्धि हमारी पूरी टीम की कड़ी मेहनत का परिणाम है।


