भास्कर न्यूज | जालंधर बस्ती पीरदाद, शेर सिंह कॉलोनी स्थित श्री सिद्ध बाबा केशव नाथ जी जठेरे में महेंद्रू बाहरी बिरादरी सभा की तरफ से 63वां वार्षिक मेला अत्यंत हर्षोल्लास, श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर जालंधर और आसपास के क्षेत्रों से भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर बाबा जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। मेले का विधिवत शुभारंभ पंडित अवदेश शुक्ला ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ किया। सभा के प्रधान अरुण बाहरी एवं वंदना बाहरी, पेट्रन केके बाहरी एवं अनीता बाहरी, और चेयरमैन नवनीत बाहरी एवं दीपिका बाहरी सहित समूह पदाधिकारियों ने गौरी-गणपति और नवग्रह पूजन किया। इसके पश्चात हवन कुंड में आहुतियां डालकर विश्व शांति और परिवार की खुशहाली की प्रार्थना की गई। इस अवसर पर विद्वानों ने प्रवचन देते हुए कहा कि जिस प्रकार सागर की गहराई में उतरने से रत्नों की प्राप्ति होती है, उसी प्रकार हवन-यज्ञ और प्रभु भक्ति के मार्ग पर चलने से आत्मिक शांति रूपी अनमोल रत्न मिलते हैं। उन्होंने कहा कि संसारिक धन तो आता-जाता रहता है, लेकिन भक्ति रूपी धन शाश्वत है, जिसे न कोई चुरा सकता है और न ही यह कभी समाप्त होता है। दोपहर के समय सभा की तरफ से झंडा फहराने की रस्म अदा की गई, जिसके साथ ही मेले की मुख्य गतिविधियों का आगाज हुआ। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी लड़ियों और फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था। बैंड-बाजों और ढोल की थाप पर श्रद्धालु झूमते हुए नजर आए। इस दौरान बच्चों की ‘चोला सेरेमनी’ की रस्म भी पूरी की गई। अभिभावकों ने मनोकामनाएं मांगी।


