भास्कर न्यूज | राजनांदगांव लेबर कॉलोनी में आचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री द्वारा श्रीमद भागवत कथा ज्ञान यज्ञ की जा रही है। चाय वाले बाबा के रुप में मशहूर आचार्य शास्त्री कथा की बातें जन मानस के सामने रख उन्हें भक्ति-भावना से सराबोर कर रहें है। शनिवार की कथा का शुभारंभ श्रीमद भागवत कथा के यजमान संतोष पिल्ले व परिवार ने पूजा, कथावाचक महाराज को पगड़ी पहना कर इसका शुभारंभ किया। कथा में शास्त्री जी ने कपिल मुनि, भक्त ध्रुव की तपस्या सहित जड़ भरत की कथा सुनाई। कहा श्रीमद भागवत कथा हमें आध्यात्मिकता की ओर ले जाती है। राजा परीक्षित की तरह यह सांसारिक माया-मोह से दूर कर मोक्ष की ओर ले जाती है। उन्होंने बताया संसार से जुड़े रहने से व्यक्ति ईश्वर से नजदीक नहीं दूर होता है। भगवान कहते हैं कि संसार के जितना करीब जाओगे उनसे दूर हो जाओगे। अंदर की आत्मा को जगाओ परमात्मा की प्राप्ति हो जाएगी। संसार के बारे में सोचने, अनुरक्त रहने से आदमी हायपरटेंशन, डिप्रेशन एंग्जाइटी आदि से ग्रस्त होते जाते हैं। संसार के बारे में सोचना बंद कर देंगे तो संसार सागर से पार हो जाएंगे। भक्ति रस की वर्षा के बीच कथा के दौरान झूमे श्रोता आचार्य शास्त्री ने बताया कबीर कहा करते थे कि मन ही मिलाते राम से मन ही कराते फजीत। असत्य कभी भगवान को स्पर्श नहीं कर सकता। कथा के दौरान कलाकारों ने भजनों की प्रस्तुति दी। सुमधुर गान ने भक्ति रस की वर्षा कर दी और कथा में श्रोतागण झूम उठे। लेबर कॉलोनी के दशहरा मैदान में निगम के नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले द्वारा अपने पूर्वजों की स्मृति में भागवत कथा का आयोजन कराया जा रहा है। श्रवण के लिए बड़ी संख्या में भक्त पहुंच रहें है। शनिवार को कुतुबुद्दीन सोलंकी, एजाजुल रहमान सहित अन्य भागवत कथा का रस पान करने में पीछे नहीं रहे। रविवार को समुद्र मंथन व भक्त प्रहलाद चरित्र सहित मानवातार की कथा सुनाई जाएगी।


