भास्कर न्यूज | दोरनापाल जिले में चल रहे सक्षम कोचिंग में सीआरपीएफ की तैयारी के लिए शुरू किए गए विशेष बैच के 35 प्रतिभागियों ने आरक्षक भर्ती परीक्षा में कामयाबी हासिल की है। चयनित प्रतिभागियों एक वर्चुअल कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नियुक्ति पत्र दिया। 23 फरवरी को बिलासपुर के डीआईजी कार्यालय में चयनित युवा जॉइनिंग देंगे। चयन के बाद अभ्यर्थी कलेक्टर अमित कुमार से मिलने पहुंचे। कलेक्टर ने चयनित युवाओं को प्रशिक्षण पूरा कर पूरी निष्ठा व ईमानदारी से देश की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने प्रेरित किया। बताया जाता है कि 26 सितंबर से 21 नवंबर तक सक्षम कोचिंग के नोडल अधिकारी वीरूपाक्ष पौराणिक के नेतृत्व में नियमित कक्षाओं के जरिए प्रशिक्षण दिया गया। बीते 8 महीनों में सक्षम कोचिंग से 56 युवाओं का विभिन्न परीक्षाओं में चयन हुआ है। इनमें छत्तीसगढ़ पीएससी की प्री-लिम्स परीक्षा में भी 7 अभ्यर्थी मेन्स के लिए चयनित भी हो चुके हैं। सक्षम कोचिंग में व्यापमं और छत्तीसगढ़ पीएससी की निःशुल्क कक्षाएं, डिजीटल लाइब्रेरी, वाई-फाई और हॉस्टल की सुविधाएं अभ्यर्थियों को दी जा रही हैं। यहां 2 फरवरी से बस्तर फाइटर्स के लिए विशेष बैच शुरू होगा।


