भास्कर न्यूज | कोंडागांव जल संसाधन विभाग के सचिव राजेश सुकुमार टोप्पो ने 10 मई को माओवाद प्रभावित मर्दापाल क्षेत्र का सघन दौरा किया। यह पहली बार है जब सचिव स्तर के वरिष्ठ अधिकारी ने इस क्षेत्र का प्रत्यक्ष निरीक्षण कर जल संसाधनों की स्थिति और योजनाओं की प्रगति का जायज़ा लिया। दौरे के दौरान सचिव टोप्पो ने मर्दापाल के कुरुषनार व्यपवर्तन योजना का निरीक्षण किया तथा स्थानीय अधिकारियों से विस्तारपूर्वक चर्चा कर परियोजना की वर्तमान स्थिति व संभावनाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्थानीय किसानों से भी संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी और समाधान का आश्वासन दिया। इससे पूर्व जगदलपुर सर्किट हाउस में जल संसाधन मंत्री केदार कश्यप की अध्यक्षता में विभागीय सचिव टोप्पो, प्रमुख अभियंता इंद्रजीत उइके और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में बस्तर संभाग की जल योजनाओं के निर्माण, रखरखाव और डीपीआर तैयार करने की दिशा में कार्य योजना पर विस्तार से चर्चा की गई। मंत्री कश्यप ने दिए निर्देश: मंत्री कश्यप ने स्पष्ट निर्देश दिए कि नदी-नालों का समुचित उपयोग करते हुए क्षेत्र में सिंचाई का दायरा बढ़ाया जाए। उन्होंने तीन वर्षों की कार्ययोजना के तहत निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित योजनाओं की प्रक्रिया को समय से करने निर्देश दिए। मर्दापाल में जल संसाधनों की योजनाओं का जायजा लेते सचिव।


