भास्कर न्यूज| रायगड़ा ग्रामीण विकास सचिव यामिनी षडंगी ने दो दिवसीय रायगड़ा दौरे के दौरान विभिन्न विकासात्मक कार्यों की समीक्षा की। दौरे में रायगड़ा कलेक्टर आशुतोष कुलकर्णी भी उनके साथ थे। उन्होंने स्थानीय विलामाल इलाके में उत्कल एल्युमिना के सीएसआर अंतर्गत स्थापित दो परियोजनाओं सोलर संचालित कोल्ड स्टोरेज और रोस्टेड मिलेट यूनिट का निरीक्षण किया। ग्रामीण इलाकों में ऐसी परियोजनाओं के लिए उन्होंने कंपनी की सराहना की। बताया गया कि सोलर कोल्ड-स्टोरेज से 180 स्थानीय किसान लाभान्वित हो रहे हैं। वे अपनी सब्जी और फसलों को लंबे समय तक ताजा रखकर बाजारों में बेच पा रहे हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि आने वाले दिनों में आसपास के गांवों में भी इस सुविधा को और विस्तारित किया जाए। रोस्टेड मिलेट यूनिट का निरीक्षण करते समय उन्होंने मड़िया (रागी/मिलेट) से बने विभिन्न बिस्कुट और कुकीज देखकर संतोष व्यक्त किया। आदिवासी बहुल रायगड़ा जिले में ऐसे अभिनव प्रयासों के लिए सीएसआर टीम को सराहा। टिकिरी के अंतर्गत दोरागुड़ा स्थित उत्कल एल्युमिना के सीएसआर प्रोजेक्ट का भी अवलोकन किया। उन्होंने स्थानीय ग्रामीण निर्माण विभाग कार्यालय में विभाग के संचालित कार्यक्रमों की समीक्षा की। सिटी जीएसटी कार्यालय में भी बैठक की। दोपहर में विषमकटक क्षेत्र का दौरा किया। चाटीकणा में डंगरिया साल कपड़ा बुनकरों से बात की। विषमकटक ब्लॉक में मेगा पाइप पेयजल परियोजना, ग्रामीण सड़कों, बालयापदर और पनसापदर सड़कों का निरीक्षण किया। जिला परिषद सभागार में कलेक्टर की मौजूदगी में जिले के विभिन्न विभागों की समीक्षा की। इस दौरान एडिशनल कलेक्टर (सामान्य) नवीन चंद्र नायक, (राजस्व) निहार रंजन कहार, अक्षय कुमार खेमुण्डु, डिप्टी कलेक्टर रमेश कुमार जेना आदि मौजूद रहे।


