अमृतसर| चीफ खालसा दीवान ने श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में भव्य नगर कीर्तन निकाला। नगर कीर्तन का शुभारंभ दीवान के प्रमुख संस्थान श्री गुरु हरकृष्ण सी. सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, जीटी रोड से अरदास के साथ हुआ। इससे पूर्व सीकेडी प्रबंधन ने नगर कीर्तन में शामिल गणमान्य नागरिकों व संगत का भव्य स्वागत किया। दीवान के प्रधान डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर ने कहा कि श्री गुरु गोबिंद सिंह जी ने खालसा पंथ की स्थापना कर देशवासियों को एक बहादुर व निर्भय कौम बनाया। उन्होंने संगत को गुरु साहिब की शिक्षाओं पर चलने, समाज कल्याण के लिए नैतिक आचरण अपनाने और न्याय व सच्चाई के मार्ग पर अडिग रहने के लिए प्रेरित किया। चीफ खालसा दीवान के सचिव रमणीक सिंह और अतिरिक्त सचिव हरविंदर पाल सिंह चुघ ने बताया कि दीवान का मुख्य उद्देश्य सिख धर्म और शिक्षा का प्रचार-प्रसार करना है। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की छत्रछाया और “बोले सो निहाल, सत श्री अकाल’ के जयकारों के बीच नगर कीर्तन प्रारंभ हुआ। फूलों से सजी पालकी साहिब, पंज प्यारे और निशान साहिब की अगुवाई में खालसाई शान देखते ही बनती थी। नगर कीर्तन में श्री गुरु हरकृष्ण पब्लिक स्कूल, इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी, सीकेडी नर्सिंग कॉलेज, सेंट्रल खालसा अनाथालय सहित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों, शिक्षकों, प्रिंसिपल्स और भारी संख्या में संगत ने भाग लिया। श्री हरमंदर साहिब पहुंचने पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अधिकारियों ने नगर कीर्तन का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर जसपाल सिंह, डॉ. आत्मजीत सिंह बसरा, तरलोचन सिंह, गुरभेज सिंह, हरमनजीत सिंह, रबिंदरबीर सिंह भल्ला आदि उपस्थित थे।


