रायपुर पुलिस ने हाल ही में क्रिकेट सट्टा खिलाते 14 लोगों को पकड़ा है। वहीं महादेव सट्टा मामले में प्रमोटर सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल समेत कई फरार हैं। इसके बाद भी ऑनलाइन सट्टा बंद होने के बजाय और बढ़ता जा रहा है। महादेव सट्टा के प्रमोटर्स अब अलग-अलग नामों से वेब साइट चला रहे हैं। इसका पासवर्ड भी आसानी से वॉट्सऐप पर मिल जाता है। ये सब बातें भास्कर के स्टिंग ऑपरेशन में खुद इन वेबसाइट का पैनल चला रहे एक सटोरिए ने रखी है। पहले पढ़िए कुछ सवाल-जवाब के अंश रिपोर्टर: किस सट्टा एप से जुड़े हैं, कैसे होता है काम? सटोरिया: रेड्डी अन्ना एप का पैनल चलाया है। कई वेबसाइट होती हैं, इन्ही के अंदर अलग-अलग गेम होते हैं। जिनमें सट्टा लगता है। रिपोर्टर – लॉग इन पासवर्ड कैसे मिलते हैं? सटोरिया: पैनल चलाने वाले लड़के वॉट्सऐप से पासवर्ड उपलब्ध कराते हैं। रिपोर्टर – सट्टा एप से कैसे जुड़े? सटोरिया: रौनक के माध्यम से मैं अन्ना एप से जुड़ा। उसने नौकरी देने के लिए मुझे, 3 दोस्तों को कोलकाता भेजा था। वहां उसकी गर्लफ्रेंड थी, जिसने रहने-खाने की व्यवस्था की। रिपोर्टर: रौनक के साथ और कौन-कौन हैं इसमें शामिल ? सटोरिया: रौनक के साथ राहुल गांधी भी शामिल है। राहुल खेलता भी है और पैनल भी चलाता है। वो गोवा में है। अब जानिए और किन नाम से चल रहा है ये काला कारोबार इनके जो सट्टा एप सक्रिय हैं, उनमें रेड्डी अन्ना के अलावा रेड्डी क्लब, सीबीएफटी ऑनलाइन बुक, बेटभाई बुक, फेयरप्ले, सुपरविन, विनबज, जन्नत बुक, महाकाल बुक, राजवीर ऑनलाइन बुक, लोटस 365, लेजर बुक, कोहनूर बुक, अलीबाबा बुक, खेलोयार, एसडी बुक, लॉयन बुक, स्काईएक्सचेंज और डायमंडएक्स डॉट काम जैसे कई नाम शामिल हैं। ये कैसे काम करता है? इन वेबसाइट के कई पैनल और ब्रांच होती है। ये सब अलग-अलग जगह से चलती है। इनमें रायपुर, बिलासपुर, बेमेतरा, दुर्ग-भिलाई के युवकों के जरिए ऑपरेट कराया जाता है। मुख्यत ये कोलकाता और गोवा से ऑपरेट हो रहे हैं। बेमेतरा-बिलासपुर के युवक म्यूल खाते उपलब्ध करा रहे भिलाई, बेमेतरा, बिलासपुर के ये युवक काम करने के साथ ही म्यूल खाते उपलब्ध करा रहे हैं। ट्रांजैक्शन के लिए म्यूल खाते उपलब्ध कराए जाते हैं जिनमें लाखों का ट्रांजेक्शन होता है। स्टिंग ऑपरेशन में बताए कई नाम सटोरिए ने स्टिंग ऑपरेशन में कई लोगों के नाम लिए हैं। इन लोगों में कुछ लोग सट्टा खिलाते हैं तो कुछ युवकों को कोलकाता-गोवा तक पहुंचाने का काम करते हैं। जमशेदपुर से जिशान अंसारी, बसुदास (कोलकाता), मुबारक अली (हैदराबाद), रौनक सलूजा (बेमेतरा), अंजलि सिंह (कोलकाता), आयुष सिंह (कोलकाता), राहुल गांधी (बिलासपुर), नायन राजपूत (बेमेतरा), सीनू सैलूजा (बेमेतरा), वसीम खान (अकलतरा), सौरभ सब्बरवाल (अकलतरा) शामिल है। भिलाई से अयान अली, आफताब खान, साहिल खान, वसीम सेठी, शहनवाज खान, चंदन कुमार, अंकित, देव, बिकेश यादव, विश्वतीज, आयाज खान, अरमान खान, अभिषेक तिवारी है। इसके अलावा अनिकेत गुप्ता (बिलासपुर), अन्नू (बिलासपुर), सुजल राजपाल (रायपुर), गौरांग साहू (बेमेतरा), समीर खान (जमशेदपुर), जी सागर राव (बिलासपुर), आकाश टाह (बिलासपुर) शामिल है। पूरे गैंग का मास्टरमाइंड रौनक, राहुल वसीम है। प्रदेश के युवाओं को 20 हजार सैलरी का लालच ईओडब्लू की जांच में महादेव के साथ रेड्डी अन्ना एप का भी जिक्र है। बिलासपुर और बेमेतरा के दो सटोरिए रौनक और राहुल कोलकाता और गोवा में कई पैनल ऑपरेट कर रहे हैं। इन पैनलों में काम करने के लिए 20 हजार रुपए की सैलरी देकर दुर्ग-भिलाई, बेमेतरा, बिलासपुर और रायपुर के युवकों को नौकरी दे रहे हैं। दोनों सटोरियों के साथ बड़ी संख्या में भिलाई और बेमेतरा के युवक जुड़े हुए हैं। रौनक और राहुल दोनों यहां से युवकों को कोलकाता और गोवा भेजते हैं। रौनक अपनी टूर एंड ट्रैवल्स एजेंसी के माध्यम से टिकट बुक कराकर युवकों को भेजता है। वहीं उसकी प्रेमिका अंजलि यहां से जाने वाले युवकों को कोलकाता में किराए के फ्लैट में रहने का इंतजाम कराती है, ताकि वहां से पैनल संचालित कर सकें। दोनों मास्टरमाइंड सटोरिए रेड्डी अन्ना बुक के 11xplay.in,99exchange.in.playcasino.in.laser246.in,reddybook.live और reddybookclub.live वेबसाइट संचालित कर रहे हैं। रेड्डी अन्ना का सेटअप तैयार करके सटोरिए काम कर रहे हैं। इसमें फर्जी बैंक खाते और ट्रांजेक्शन किया जा रहा है। इसके बाद पैसा हवाला के जरिए दुबई तक पहुंचाया जा रहा है। सौरभ ने अपनी कंपनी ट्रिनिटी सॉल्यूशन में पैसा निवेश किया इन सभी बुक में सौरभ, अमित मजेठिया, रनबीर रॉय, कृष शाह, शाहिल, हर्षित, लक्ष्य विज, उमेश, समीर, हितेश, हरिशंकर, राकेश राजदेव भी शामिल है। एसीबी की फाइनल रिपोर्ट के मुताबिक सौरभ ने अपनी कंपनी ट्रिनिटी सॉल्यूशन में पैसा निवेश किया है। कंपनी दुबई में है और नितिन दीवान भी इसमें शेयर होल्डर हैं। सट्टे का पैसा इन्वेस्ट करने कई कंपनियां बनाई सौरभ ने सट्टे के पैसे को निवेश करने के लिए कई कंपनियां बनाई हैं। इनमें एक्सल वेंचर्स, परफेक्ट प्लान इनवेस्टमेंट, सिया इन्फोटेक, स्पोर्टस बज, एबिलिटी गेम्स, ब्रिलियंट इनवेस्टमेंट, डिस्कवरी बिल्डकॉन, फॉरेस्ट विनकॉम, स्वर्णभूमि वानिज्य, ड्रीम अचीवर्स, एबीलिटी स्मार्टटेक, एबिलिटी वेंचर्स में पैसा निवेश किया है। ये कंपनी के नाम ED की चार्जशीट में भी है। कोई भी जानकारी हो तो साझा करें, कार्रवाई जरूर होगी कानून में सट्टे के खिलाफ कार्रवाई का प्रावधान है। पुलिस इसमें लगातार कार्रवाई भी कर रही है। जनता के पास भी अगर इससे जुड़ी कोई जानकारी है तो वो पुलिस को दें। सख्त कार्रवाई होगी। आपके पास भी अगर कोई जानकारी है तो साझा कीजिए कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। -अरुण देव गौतम, डीजीपी


