सारसोप स्थित एसबीआई बैंक के कर्मचारी ललित रतवाल ने ईमानदारी का परिचय दिया है। उन्होंने शिवाड़ कस्बे में सड़क किनारे मिला एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन उसके मालिक को लौटा दिया। ललित रतवाल शिवाड़ कस्बे में किराए पर रहते हैं। वे प्रतिदिन की तरह सुबह शिवाड़ से सारसोप स्थित एसबीआई बैंक अपनी ड्यूटी पर जा रहे थे। शिवाड़ कस्बे में नीलकंठ पार्क के पास सड़क किनारे उन्हें एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन पड़ा हुआ मिला। रतवाल ने मोबाइल उठाकर उसमें डायल किए गए नंबरों से जानकारी जुटाई। इससे मोबाइल के मालिक की पहचान शिवाड़ निवासी लक्ष्मण गुर्जर के रूप में हुई। उन्होंने तत्काल गुर्जर से संपर्क किया और उन्हें मौके पर बुलाकर मोबाइल फोन सुरक्षित रूप से लौटा दिया। अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लक्ष्मण गुर्जर ने ललित रतवाल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने रतवाल के इस कार्य की सराहना की। क्षेत्र में भी ललित रतवाल के इस कदम की प्रशंसा की जा रही है।


