पलामू जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में पनीर कारोबारी की मौत हो गई। लेस्लीगंज थानाक्षेत्र के मुंदरिया गांव के पास पांकी-मेदिनीनगर मार्ग पर यह हादसा गुरुवार की दोपहर हुआ था। जख्मी पनीर कारोबारी ने घटना के करीब 12 घंटे बाद देर रात इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दोनों पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए थे चैनपुर के कोशिआय निवासी 33 वर्षीय कमलेश चौरसिया पनीर की डिलीवरी के लिए लेस्लीगंज जा रहे थे। इसी दौरान पांकी से मेदिनीनगर की ओर जा रही एक बोलेरो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में कमलेश के दोनों पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए थे और उन्हें अंदरूनी चोट आई थी। स्थानीय लोगों ने तुरंत कमलेश को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज और अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया। 4-5 घंटे के इलाज के बाद रात 11 बजे कमलेश की मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। कमलेश के पिता का देहांत 5 साल पहले हो चुका था और वह घर का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। पुलिस ने घटनास्थल से दुर्घटनाग्रस्त बाइक और बोलेरो को जब्त कर लिया है। मामले की जांच जारी है।


