खंडार उपखंड के सांप खाड़ (नाले) के पास बालेर रोड पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। जिसमें एक अज्ञात बाइक सवार की मौत हो गई। रात के अंधेरे के चलते घटना का पता सुबह लगा बताया जा रहा है कि व्यक्ति की मोटरसाइकिल सड़क किनारे लगे खंभे से टकरा गई, जिससे वह संतुलन खो बैठा और सड़क के बगल में बने कच्चे नाले में जा गिरा। रात का समय और अंधेरा होने के कारण घटना की जानकारी तुरंत किसी को नहीं लग पाई। सुबह होने पर वहां से गुजर रहे एक राहगीर की नजर नाले में पड़ी टूटी हुई मोटरसाइकिल और व्यक्ति के शव पर पड़ी। राहगीर ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस आज सुबह करीब 10 बजे मौके पर पहुंची।मौके पर पुलिस ने देखा कि कच्चे नाले में करीब एक फीट पानी भरा हुआ था, जिसमें कांटे और छोटी लकड़ियां पड़ी हुई थीं। नाले में व्यक्ति का शव उल्टा पानी में पड़ा हुआ मिला, जबकि मोटरसाइकिल टूटी हुई अवस्था में पाई गई। मोटरसाइकिल की सीट सड़क और नाले के बीच टूटी हुई अवस्था में पड़ी हुई मिली।हादसे में सड़क किनारे लगा खंभा भी क्षतिग्रस्त हो गया, जिसमें से तीन-चार बिजली के तार बाहर निकले हुए दिखाई दिए। प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर में गंभीर चोट तथा एक पैर टूटे होने के निशान मिले हैं। पुलिस को मृतक की जेब से एक मोबाइल फोन मिला, जो पानी में भीगने के कारण खराब हो चुका है, जिससे फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने मौके पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को खंडार अस्पताल भिजवाया है। मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। पुलिस हादसे के कारणों की गहन जांच कर रही है। इनपुट- सागर सैनी खंडार।


