दुर्ग जिले के नंदनी रोड जामुल में 13 जनवरी की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई थी। हादसे के समय कार में 3 दोस्त भी सवार थे। जिसमें से राहुल साहू कार चला रहा था। बताया जा रहा है हादसा तेज और लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाने की वजह से हुआ जिससे ड्राइविंग सीट के बगल में बैठे प्रवीण कुमार (26 साल) की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस मामले में मृतक के बड़े भाई ने कार चलाने वाले दोस्त राहुल साहू के खिलाफ जामुल थाने में एफआईआर दर्ज करवाई है। बता दें कि प्रवीण ने एक दिन पहले अपने स्वर्गीय पिता को याद कर स्टेटस डाला था, 21 घंटे बाद ही उसकी भी मौत हो गई। दूसरे दोस्त को छोड़ने जा रहे थे घर जामुल थाना क्षेत्र में 13 जनवरी की रात यह हादसा हुआ था। इस मामले में मृतक के बड़े भाई कांट्रेक्टर कॉलोनी सुपेला पांच रास्ता वार्ड 17 भिलाई निवासी धमेंद्र सिंह (38 वर्ष) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनका छोटा भाई प्रवीण धृतलहरे 14 जनवरी 2026 की रात अपने दोस्तों दुर्गेश मांडले, आकाश केशरवानी और राहुल साहू के साथ मारुति स्विफ्ट डिजायर कार (क्रमांक CG10 AK 7522) से सुपेला भिलाई से नंदनी रोड होते हुए कचांदुर जा रहा था। कार राहुल साहू चला रहा था। रात करीब 1.30 बजे जब वाहन नंदनी रोड जामुल स्थित भारत पेट्रोल पंप के सामने पहुंचा, तभी चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए सूचना बोर्ड को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर पलट गई। तीनों दोस्त घायल का चल रहा है इलाज इस हादसे में प्रवीण धृतलहरे को शरीर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में सवार दुर्गेश मांडले को दाहिने पैर की एड़ी में, आकाश केशरवानी को दाहिने पैर के पंजे और नाक में तथा चालक राहुल साहू को कमर और मुंह में गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां पर सभी का इलाज चल रहा है। अपराध दर्ज कर जांच कर रही पुलिस घटना की सूचना मिलते ही जामुल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मृतक के बड़े भाई की शिकायत पर दोस्त राहुल साहू के खिलाफ लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। इस मामले में आरोपी दोस्त के शराब पीने के एंगल की भी जांच की जा रही है। प्रवीण ने स्टेटस में लिखा था – Miss You Papa प्रवीण ने एक्सीडेंट से पहले अपने स्वर्गीय पिता को याद करते हुए इंस्टाग्राम पर स्टेटस लगाया था। स्टेटस में उसने लिखा था कि मिस यू पापा- बहुत याद आ रही है आज आपकी, आकर मुझे भी अपने साथ ले जाओ ना, पापा बहुत वक्त हुआ आपसे बात किए हुए। इस स्टेटस को डाले 21 घंटे भी नहीं हुए थे कि प्रवीण की सड़क हादसे में मौत हो गई। ……………….. इससे जुड़ी खबर भी पढ़ें… स्टेटस लगाया- MISS YOU PAPA आपकी याद आ रही: 21 घंटे बाद मौत, कांकेर में 3 की गई जान, कोरबा में 2 युवक जिंदा जले छत्तीसगढ़ में 4 अलग-अलग सड़क हादसों में महिला समेत 6 लोगों की मौत हो गई। दुर्ग जिले में 13 जनवरी की रात प्रवीण कुमार (26) कार से अपने दोस्तों को घर छोड़ने जा रहा था, तभी तिवारी पेट्रोल पंप के सामने उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर खंभे से टकरा गई और पलट गई। पढ़ें पूरी खबर…


