नागौर जिले के थांवला थाना क्षेत्र में गुड्डा और टेहला ग्राम के बीच एक होटल के सामने बुधवार सुबह तकरीबन 4 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में ईको गाड़ी में सवार कुल 10 लोगों में से 6 लोग गंभीर रूप से घायल जबकि 2 युवकों की मौत की सूचना प्राप्त हुई है। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार ईको गाड़ी जयपुर से बालोतरा की तरफ जा रही थी। गाड़ी में सवार सभी लोग एक डांस इवेंट कंपनी से जुड़े बताए जा रहे हैं, जो बालोतरा में आयोजित एक शादी समारोह में कार्यक्रम देने जा रहे थे। बताया जा रहा है कि वाहन चालक को अचानक झपकी आ जाने के कारण गाड़ी अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि ईको गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर तत्काल अजमेर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें अजमेर के लिए रेफर कर दिया गया। हादसे में देव जलंदर और अमर झांसी की मौके पर ही मौत होने की सूचना है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस द्वारा मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। थांवला पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर पुलिस थाने लेकर आ गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक को नींद की झपकी आना माना जा रहा है। दुर्घटना में मृतक दो युवकों के शव JLN अस्पताल की मोर्चरी में रखवाये गए हैं और परिजनों का इंतजार किया जा रहा है।


