खुर्सीपार थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में 5 साल की मासूम बच्ची की मौत के मामले में तीन दिन के बाद पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। 3 फरवरी को यह हादसा हुआ था। इस हादसे में घायल मां-बेटी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। इलाज के दौरान 5 साल की मासूम ने दम तोड़ दिया था। मृतिका की पहचान श्रेया जांगड़े (उम्र 5 साल 6 माह) के रूप में हुई है। बेटी को स्कूल छोड़ने जा रही मां
3 फरवरी को सुबह किरण जांगड़े अपनी बेटी श्रेया जांगड़े को सेक्टर-10 स्कूल छोड़ने जा रही थी। इस दौरान पावर हाउस आईटीआई के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने उल्टी दिशा से आकर मां-बेटी को ठोकर मार दी थी। इस हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान बच्ची ने दम तोड़ दिया है। खुर्सीपार का रहने वाला है परिवार
मृतिका के पिता का नाम भूपेन्द्र जांगड़े हैं, जो क्वार्टर नंबर 9/C, सड़क 37, जोन-02 खुर्सीपार में रहते हैं। पत्नी रोजाना अपनी बेटी को स्कूल छोड़ने और लाने जाती थी। 3 फरवरी को भी जब वे होंडा शोरूम के पास पावर हाउस ओवरब्रिज के नीचे पहुंचीं, तभी भिलाई की ओर से आ रहे ट्रेलर (CG04HB3911) के चालक ने तेज गति और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए सामने से स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में मां और बच्ची दोनों घायल हो गए। घायलों को परिजन तुरंत गायत्री अस्पताल सुपेला ले गए, जहां से श्रेया को स्पर्श अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान 3 फरवरी की रात करीब 8 बजे बच्ची की मौत हो गई। वहीं मां किरण जांगड़े का उपचार जारी है।
पुलिस ने दर्ज किया अपराध
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया। मर्ग जांच के आधार पर ट्रेलर चालक के खिलाफ 6 फरवरी को धारा 281, 125(a), 106(1) बीएनएस और 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने इस मामले में ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मामले में अभी आगे की कार्यवाही की जा रही है।


