अमृतसर सिटी| शहर के लोग साफ पानी के लिए तरस रहे हैं। घरों में सीवरेज मिक्स पानी सप्लाई हो रहा है जो पीने लायक नहीं है। गंदा पानी बीमारियों को न्योता दे रहा है। हलका नॉर्थ के क्वींस रोड, हलका वेस्ट सतकरतार नगर और बटाला रोड की संधू कॉलोनी में लंबे समय से यह समस्या आ रही है। लोगों ने कई बार शिकायत की, लेकिन कोई हल नहीं निकला। नगर निगम के कर्मचारी आते हैं, देखते हैं और चले जाते हैं। समस्या जस की तस बनी हुई है। बटाला रोड की संधू कॉलोनी और गली नंबर 2 में भी लोग कई सालों से गंदे पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही। हल्का वेस्ट के लोगों का कहना है कि लंबे समय से परेशान हैं। यहां सुबह-शाम की शुरुआत सीवरेज के गंदे पानी से होती है। लोग पानी बहाकर उसे साफ करने की कोशिश करते हैं ताकि पानी का फ्लो तेज हो और सीवरेज मिक्स न हो। प्रशासन ने अब तक सिर्फ आश्वासन दिए हैं। कोई समाधान नहीं निकला। यह इलाका आम आदमी पार्टी के विधायक डॉ. जसबीर सिंह के अधीन आता है। विधायक से लोगों को काफी उम्मीदें थीं, लेकिन निराशा हाथ लगी।


