कम्युनिटी रिपोर्टर | भिलाई भिलाई में सतनामी समाज का प्रदेश स्तरीय युवक-युवती परिचय सम्मेलन 30 नवंबर को कराया जाएगा। इस बार समाज ने तकनीक से जुड़ते हुए पहली बार पंजीयन की सुविधा ऑनलाइन शुरू की। इसका नतीजा भी देखने को मिला। इस बार सम्मेलन के लिए प्रदेशभर से अब तक 300 से अधिक युवक-युवतियां पंजीयन करा चुके हैं। पहले सामाजिक स्तर पर प्रत्यक्ष रूप से पंजीयन की वजह से ज्यादातर युवाओं के नाम सम्मेलन के दिन ही आते थे। जिसकी वजह से समाज को भी व्यवस्था बनाने में मशक्कत करनी पड़ती थी। इस बार ऐसी स्थिति कम ही बनेगी। दूसरी ओर समाज फिजूलखर्ची और आडंबर से बचने का संदेश देते हुए सहज विवाह की परंपरा को आगे बढ़ रहा है। इस बार उसी दिन तीन जोड़ों की शादी भी कराई जाएगी। जिसमें जोड़े बाबा गुरु घासीदास बाबा का नमन करते हुए एक-दूसरे को जयमाला पहनाकर ही विवाह बंधन में बंध जाएंगे। गुरु घासीदास सेवा समिति, सेक्टर-6 के अध्यक्ष बीएल कुर्रे ने बताया कि युवाओं के बायोडाटा वाली सामाजिक पत्रिका भी उसी दिन बांट दी जाएगी ताकि परिवारों को अपने बच्चों के लिए रिश्ते तय करने में और जल्दी और आसानी हो। पहले इस पत्रिका को पाने के लिए कई दिन लग जाते थे। बता दें कि गुरु घासीदास सेवा समिति, भिलाई नगर पिछले 20 वर्षों से निरंतर सामाजिक परंपरा और वैवाहिक सरलता को बढ़ावा देते हुए छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय सतनामी समाज युवक-युवती परिचय सम्मेलन और आदर्श विवाह का आयोजन 30 नवंबर को सतनाम भवन, सेक्टर-6 में किया जाएगा। समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि यह सम्मेलन समाज में व्यवस्थित, पारदर्शी और आर्थिक रूप से सहज विवाह व्यवस्था को बढ़ावा देने का एक सशक्त माध्यम बना है। मंच पर विभिन्न क्षेत्रों से आए युवक-युवती अपने परिचय को पूरे समाज के समक्ष प्रस्तुत करेंगे, जिससे अलग-अलग स्थानों की यात्रा, खर्च, समय और कठिनाइयों से बचत होती है। परिवार एक ही स्थान पर योग्य परिचय प्राप्त कर लेते हैं, जिससे सामाजिक सहयोग बढ़ता है।


