भास्कर न्यूज | जालंधर निहंग सिंह बस्ती शेख सभा की ओर से श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के मौके पर रविवार को नगर कीर्तन सजाया गया। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूप, गुरुद्वारा साहिब से संगत द्वारा सतनाम वाहेगुरु का जाप और पुष्पवर्षा करते हुए पालकी साहिब तक लाए गए और फूलों से सजाई गई पालकी में सुशोभित किए गए। यह नगर कीर्तन गुरुद्वारा साहिब से शुरू होकर निहंग सिंह सभा निवास से गुरुद्वारा कलगीधर साहिब मोहल्ला चायाम, गुरद्वारा चरण कंवल, बड़ा बाजार, गुरुद्वारा छठी पातशाही बस्ती शेख, काला संघिया रोड, घास मंडी चौक विभिन्न क्षेत्रों से होता हुआ निहंग निवास में संपन्न हुआ। इसमें शामिल शबदी जत्थों और निहंग सिंह सभा के सदस्यों ने गुरबाणी के मनोहर कीर्तन से श्री गुरु गोबिंद सिंह जी की महिमा का गुणगान किया। गतका अखाड़े, नगाड़ा सेवा, विभिन्न गुरुद्वारा साहिबानों से आए शबदी जत्थे, सुंदर वर्दियों में सजी हुई घुड़सवार निहंग सिंहों की फौज, बैंड-बाजे और शबदी जत्थों ने नगर कीर्तन की रौनक बढ़ाई। निहंग सिंह सभा के मुख्य सेवादार कुलवंत सिंह निहंग ने श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व की बधाई देते हुए संगत को श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के चरणों के साथ जुड़ने की प्रेरणा दी। इस मौके पर पार्षद मनजीत सिंह टीटू, कुलवंत सिंह निहंग, जसपाल सिंह जुनेजा, जसबीर सिंह सचदेवा, सतपाल सिंह अलग, करणवीर सिंह निहंग, अमरजीत सिंह निहंग, अवतार सिंह, सुरजीत सिंह निहंग, उत्तम दीप सिंह निहंग समेत अन्य मौजूद रहे। संगत ने पालकी साहिब के आगे माथा टेका और अरदास की। नगर कीर्तन की शोभा बढ़ाती घुड़सवार निहंग सिंह की फौज।


