सतना के हनुमान मंदिर में तोड़फोड़, प्रतिमा खंडित:बजरंग दल का धरना, नई प्रतिमा के आश्वासन पर शांत हुआ विरोध

सतना शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बांधी मौहार मोड़ स्थित हनुमान मंदिर में अज्ञात शरारती तत्वों ने हनुमान जी की प्रतिमा खंडित कर दी। यह घटना शनिवार शाम को हुई, जिसके बाद मंदिर की चौखट पर एक युवक का आधार कार्ड मिला। इस खबर के फैलते ही आसपास के गांवों में आक्रोश फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही लगरगवा, सेमरी, बांधी मौहार, बंधवा टोला और तिघरा गांव के सनातन धर्म को मानने वाले बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर पहुंच गए। उन्होंने इस कृत्य को धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला बताया। सूचना पर बजरंग दल के जिला पदाधिकारी जितेंद्र गुप्ता अपने कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। नई प्रतिमा स्थापित करने की मांग
बजरंग दल ने मूर्ति खंडित करने वाले आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने मौके पर हनुमान जी का भव्य मंदिर निर्माण और नई प्रतिमा की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ स्थापना की भी मांग की। इन मांगों को लेकर कार्यकर्ताओं ने मंदिर परिसर में धरना शुरू कर दिया और ‘जय श्री राम’ के नारे लगाए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली थाना और उचेहरा थाना पुलिस बल मौके पर पहुंचा। काफी देर तक चले धरना-प्रदर्शन के बाद स्थानीय समाजसेवी हरिनाथ मिश्रा, सेमरी गांव के सरपंच कृष्णबिहारी मिश्रा, युवा समाजसेवी शशांक शुक्ला और रूप कुमार हरबोल की समझाइश पर ग्रामीण और बजरंग दल के कार्यकर्ता शांत हुए। उन्हें रविवार सुबह विधि-विधान से हनुमान जी की नई प्रतिमा स्थापित कराने का आश्वासन दिया गया। आश्वासन मिलने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता धरने से उठ गए। पुलिस ने बताया कि मंदिर में मिले आधार कार्ड से संबंधित युवक की पहचान की जा रही है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *