सतना-चित्रकूट स्टेट हाईवे पर शनिवार की सुबह सड़क हादसे में ट्रैक्टर सवार 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ट्रैक्टर को टक्कर मार कर ट्रक लेकर ड्राइवर फरार हो गया। मझगवां टीआई आदित्य धुर्वे ने बताया कि चित्रकूट तरफ से ट्रैक्टर आ रहा था। दलेला मोड़ पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार ठोकर मार दी। टक्कर की वजह से ट्रैक्टर ट्राली समेत पलट गया। घटना के बाद ट्रक समेत ड्राइवर भाग गया। इस हादसे में ट्रैक्टर सवार गयादीन सिंह (42 वर्ष), जयभान सिंह पिता इंद्रपाल सिंह (57 वर्ष) और बदनलाल सिंह पिता दादू लाल सिंह (35 वर्ष) सभी निवासी दलेला को गंभीर हालत में मझगवां स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस आरोपी ड्राइवर समेत ट्रक की तलाश कर रही है।


