सतना कोतवाली पुलिस ने सोशल मीडिया पर दोस्ती कर युवती का दैहिक शोषण करने वाले आरोपी को उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर शादी का झांसा देकर ब्लैकमेल करने और शोषण करने का आरोप है। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। टीआई रावेन्द्र द्विवेदी ने बताया कि कुछ महीने पहले एक युवती की पहचान इंस्टाग्राम के जरिए सुशील चौधरी (22 वर्ष, निवासी मोहम्मद पुरगौती, थाना सुल्तानपुर, जिला फतेहपुर, यूपी) से हुई थी। आरोपी कई बार सतना आकर युवती से मिला। चुपके से खींचीं फोटो, वायरल करने की धमकी दी
उसने चोरी-छिपे युवती की तस्वीरें खींच लीं और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर उसका दैहिक शोषण शुरू कर दिया। पीड़िता ने इस उत्पीड़न से परेशान होकर बीते 14 अक्टूबर को कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 76 के तहत मामला दर्ज किया। मुंबई से भागा तो यूपी से दबोचा
पुलिस टीम ने साइबर सेल की मदद से आरोपी सुशील की तलाश शुरू की। उसकी लोकेशन पहले मुंबई में मिली, जिसके बाद एक टीम उसे पकड़ने के लिए रवाना की गई। हालांकि, आरोपी को पुलिस की भनक लग गई और वह मुंबई से भागकर अपने गृह जिले फतेहपुर चला गया। कोर्ट ने भेजा जेल, आईटी एक्ट की धारा भी जुड़ी
इसके बाद, पुलिस टीम को उत्तर प्रदेश भेजा गया। कई दिनों की मशक्कत के बाद जवानों ने आरोपी को फतेहपुर से गिरफ्तार कर सतना ले आए। उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। इस मामले में बाद में बीएनएस की धारा 69 और आईटी एक्ट की धारा 67 भी जोड़ी गई हैं। इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में एएसआई हेमराज सिंह, प्रधान आरक्षक राजकुमारी सिंह और आरक्षक नीलेश यादव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


