सतना जिले के जसो थाना क्षेत्र अंतर्गत दुरेहा गांव में शुक्रवार दोपहर एक ऑटो पार्ट्स की दुकान में भीषण आग लग गई। इस हादसे में दुकान का एक कर्मचारी आग बुझाते समय झुलस गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आगजनी की इस घटना में दुकान में रखा लाखों रुपये का ऑटो पार्ट्स का सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया है। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है। हीटर के पास रखे कपड़ों ने पकड़ी आग
जानकारी के मुताबिक, दुरेहा निवासी व्यापारी विपिन सिंह की दुकान में ठंड से बचने के लिए रूम हीटर चल रहा था। इसी बीच बिजली चली गई और विपिन सिंह किसी काम से दुकान के बाहर चले गए। कुछ देर बाद जब बिजली लौटी, तो हीटर फिर से चालू हो गया और पास रखे कपड़ों ने आग पकड़ ली। दुकान में ज्वलनशील पदार्थ मौजूद होने के कारण आग ने देखते ही देखते पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग बुझाने के प्रयास में कर्मचारी घायल
आग लगते ही दुकान में मौजूद एक कर्मचारी ने लपटों को बुझाने की कोशिश की, लेकिन वह खुद आग की चपेट में आकर झुलस गया। आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे बाहर निकाला और उपचार के लिए तुरंत अस्पताल भेजा। दमकल देरी से पहुंची, लाखों का नुकसान
घटना की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई, लेकिन दमकल वाहन के मौके पर पहुंचने में देरी हुई। बाद में दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों की मशक्कत से आग पर काबू पाया जा सका। व्यापारी विपिन सिंह ने बताया कि दुकान में रखा ऑटो पार्ट्स का पूरा सामान जल गया है, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


