सतना शहर के नजीराबाद इलाके में वाहन पार्किंग को लेकर हुए विवाद में दो युवक चाकू लगने से घायल हो गए। घटना मुक्तिधाम के पास एक घर के बाहर की है। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार नदीम मंसूरी और अजमत मंसूरी स्टेशन जाने के लिए अपने घर से कार निकाल रहे थे। उसी दौरान पास के घर के किरायेदारों की बाइक सड़क पर खड़ी थी, जिससे रास्ता बंद हो रहा था। नदीम ने बाइक हटाने को कहा, जिस पर विवाद शुरू हो गया। विवाद के बाद चाकू से किया हमला
बताया जा रहा है कि बात बढ़ने पर गाली-गलौज हुई और फिर फहद सिद्दीकी अपने दो साथियों के साथ मौके पर पहुंचा। आरोप है कि तीनों ने नदीम और अजमत पर चाकू से हमला कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग बीच-बचाव के लिए पहुंचे। हमले में नदीम के सिर पर चोट आई है, जबकि अजमत की पीठ में चाकू लगा है। दोनों को उनके दोस्तों ने तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायलों के परिजनों का कहना है कि पड़ोस में रहने वाले युवक अक्सर सड़क पर बाइक खड़ी कर देते हैं, जिससे आए दिन विवाद होता रहता है।


