सतना के बिड़ला रोड पर मंगलवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। सड़क पर खुदे गड्ढे के कारण बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे यह हादसा हुआ। घटना के बाद इलाज को लेकर लापरवाही के आरोप भी सामने आए हैं। सड़क पर खुदे गड्ढे बने हादसे की वजह यह दुर्घटना रात करीब 11 बजे बढ़ैया क्षेत्र के पास हुई। गहरा नाला सिंधी कैंप निवासी शिवम कोरी अपने पड़ोसी सुनील के साथ बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में सड़क पर बने गड्ढे से बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से जा टकराई। एक की हालत गंभीर, दूसरा मामूली घायल हादसे में शिवम कोरी गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बाइक पर पीछे बैठा सुनील मामूली रूप से चोटिल हुआ। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी। घायल सुनील का आरोप है कि एंबुलेंस चालक को जिला अस्पताल ले जाने के लिए कहा गया था, लेकिन वह गंभीर घायल शिवम को एक निजी नर्सिंग होम ले गया। इलाज में लापरवाही के आरोप सुनील के अनुसार नर्सिंग होम में कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था। इसके बावजूद नर्सिंग स्टाफ ने 5 हजार रुपए जमा कराए और करीब 2500 रुपए की दवाइयां मंगवाईं। लगभग 20 मिनट बाद शिवम को नर्सिंग होम के बाहर लाकर जबलपुर ले जाने की बात कही गई। अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी मौत परिजनों का कहना है कि जब तक शिवम को बाहर लाया गया, उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद परिजन रात करीब 11:30 बजे शिवम को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बुधवार को होगा पोस्टमार्टम मृतक शिवम कोरी के शव को जिला अस्पताल में सुरक्षित रखवाया गया है। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर सड़क की बदहाल स्थिति और आपातकालीन सेवाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने सड़क पर बने गड्ढों को जल्द भरने और एंबुलेंस सेवाओं पर निगरानी की मांग की है।


