सतना में तहसीलदार पर अभद्र टिप्पणी, सहायक प्रबंधक जेल भेजा:वीडियो पर संज्ञान लेकर पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की

सतना में तहसीलदार पर अभद्र टिप्पणी के मामले में गुरुवार को पुलिस ने कार्रवाई की है। सहायक समिति प्रबंधक हरिराम पांडेय को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। हरिराम पांडेय अधिकारियों के लिए खुलेआम अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहा था। वायरल वीडियो में वह जांच को हल्के में लेते हुए कह रहा था, “मेरा कुछ नहीं होगा… दूर से आई थी तो कुछ तो लिखेगी… टूर दिखाएगी।” सिंहपुर थाना प्रभारी अजय कुमार ने शिवराजपुर सेवा सहकारी समिति के सहायक प्रबंधक को नागौद तहसील के पास से हिरासत में लिया। निरीक्षण में कई गंभीर अनियमितताएं मिलीं थी
यह मामला मंगलवार को शिवराजपुर धान खरीदी केंद्र में तहसीलदार प्रज्ञा दुबे के औचक निरीक्षण से जुड़ा है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद किए गए इस निरीक्षण में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। निरीक्षण के दौरान धान की तौल में भारी अंतर पाया गया। कच्ची तौल में वजन 41 किलो 200 ग्राम था, जबकि सिली हुई बोरियों में यह घटकर लगभग 36 किलो रह गया, जिससे करीब 5 किलो धान का अंतर सामने आया। इसके अलावा, धान की बोरियों को खुले में रखा गया था, जिससे नमी का स्तर 19 पॉइंट तक पहुंच गया, जबकि सरकारी मानक 17 पॉइंट है। सहायक प्रबंधक हरिराम पांडेय की अनुपस्थिति को भी गंभीर लापरवाही माना गया। तहसीलदार ने पूरे मामले का पंचनामा तैयार कर कार्रवाई प्रस्तावित की थी। इसी कार्रवाई से बौखलाए सहायक प्रबंधक का अभद्र टिप्पणी वाला वीडियो बुधवार को वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *